टीनू आनंद की सेहत में हो रहा सुधार, अगले महीने से शूटिंग पर लौटने की उम्मीद
मुंबई, 13 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेता और फिल्ममेकर टीनू आनंद की सेहत को लेकर राहत भरी खबर सामने आई है। पसलियों में फ्रैक्चर के बाद अस्पताल में भर्ती हुए टीनू अब धीरे-धीरे ठीक हो रहे हैं। उन्होंने आईएएनएस से बातचीत में अपनी सेहत का अपडेट देते हुए बताया कि अब वह पहले से बेहतर महसूस कर रहे हैं और उनकी तबीयत में लगातार सुधार हो रहा है।
अभिनेता को उम्मीद है कि वह जल्द ही अपने काम पर भी लौट सकेंगे। उन्होंने बताया कि संभव है कि अगले महीने से वह दोबारा शूटिंग शुरू कर दें।
टीनू आनंद के इस बयान से उनके चाहने वालों और फिल्म इंडस्ट्री के लोगों को राहत मिली है। दरअसल, टीनू आनंद की पांच पसलियों में फ्रैक्चर हुआ था। चोट इतनी गंभीर थी कि उनकी एक टूटी हुई पसली फेफड़े में चुभ गई थी, जिससे फेफड़े में छेद हो गया था। इस वजह से उनकी हालत को देखते हुए उन्हें मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने उन्हें घर पर आराम करने की सलाह दी थी।
अस्पताल से घर लौटने के बाद भी उनकी परेशानी पूरी तरह खत्म नहीं हुई। पसलियों में चोट के कारण उन्हें उठने-बैठने, बिस्तर से उठने और करवट बदलने तक में दर्द का सामना करना पड़ रहा था। यहाँ तक कि बोलने में भी उन्हें असहजता महसूस हो रही थी। घर पर ही उनकी फिजियोथेरेपी कराई जा रही थी। फिलहाल अभिनेता ने अपनी सेहत में सुधार की जानकारी दी है और अगले महीने से शूटिंग शुरू करने की उम्मीद जताई है।
टीनू आनंद हिंदी सिनेमा का जाना-पहचाना नाम हैं। उनका असली नाम वीरेंद्र राज आनंद है। उन्होंने महान फिल्मकार सत्यजीत रे के साथ करीब पांच साल तक सहायक निर्देशक के रूप में काम किया। इस दौरान वह 'गूपी गाइन बाघा बाइन', 'अरण्येर दिन रात्रि' और 'प्रतिद्वंद्वी' जैसी फिल्मों से जुड़े रहे।
इसके बाद टीनू आनंद मुंबई लौटे और निर्देशन की दुनिया में कदम रखा। उन्होंने अमिताभ बच्चन के साथ 'कालिया', 'शहंशाह', 'मैं आजाद हूं' और 'मेजर साब' जैसी फिल्मों का निर्देशन किया। बतौर अभिनेता भी उन्होंने कई यादगार भूमिकाएं निभाईं। 'अग्निपथ', 'घातक', 'बॉम्बे', 'खिलाड़ी', 'दबंग', 'दबंग 2', 'सालार: पार्ट 1' और 'लकी भास्कर' जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को देखा गया।
टीनू आनंद हिंदी के अलावा तमिल, तेलुगु और बंगाली फिल्मों में भी काम कर चुके हैं।
--आईएएनएस
पीके/एएस
