टाइगर श्रॉफ पर हमले के मुद्दे पर शिवसेना (यूबीटी) का महाराष्ट्र सरकार पर निशाना, कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
मुंबई, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले को लेकर सियासत गरमा गई है। शिवसेना (यूबीटी) ने इस मुद्दे पर महाराष्ट्र सरकार पर निशाना साधा है और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
शिवसेना (यूबीटी) के एमएलसी अंबादास दानवे ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "लोग दिनदहाड़े गन लेकर घूम रहे हैं, सरकार क्या कर रही है? मुझे लगता है कि इस मामले की और गहराई से जांच होनी चाहिए।"
उन्होंने सरकार से पूछा, "अगर इसमें बिश्नोई गैंग का नाम आ रहा है, तो ये देसी कट्टे या इस तरह के हथियार कहां से आ रहे हैं? उनके पास तो अत्याधुनिक हथियार होते हैं तो फिर ये हथियार कहां से आए? इस मामले की विस्तृत जांच जरूरी है, क्योंकि महाराष्ट्र में अपराध पर सरकार का अब कोई नियंत्रण नहीं रह गया है।"
वहीं दशहरा रैली को लेकर भी शिवसेना यूबीटी ने अपनी रणनीति साफ की है। अंबादास दानवे ने कहा, "जहां तक शिवसेना की दशहरा रैली की बात है, तो यह संविधान की रक्षा के लिए है। आज भारत में संविधान जिस तरह खतरे में है, जहां कोई विरोध नहीं कर सकता, कोई तिरंगा नहीं फहरा सकता, विरोध प्रदर्शन की जगहों पर रोक लगाई जा रही है और चुनाव आयोग सरकार के अधीन काम कर रहा है।"
शिवसेना (यूबीटी) के विधायक भास्कर जाधव ने भी दशहरा रैली के एजेंडे पर बात की। उन्होंने कहा, "बात यह है कि उद्धव ने हमें पहले ही बता दिया है कि इस साल की दशहरा रैली संविधान को बचाने, लोकतंत्र को बचाने और उन छात्रों की रक्षा करने के लिए होगी जिनके परीक्षा के पेपर चोरी हो रहे हैं। साथ ही, यह रैली उद्धव के नेतृत्व में अत्याचार, अन्याय, भ्रष्टाचार और बलात्कार के खिलाफ भी होगी।"
वहीं, आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के 'सत्ता परिवर्तन' वाले बयान पर शिवसेना (यूबीटी) सांसद अनिल देसाई ने कहा, "जिस तरह की बातें कही जा रही हैं और जो स्क्रिप्ट उन्हें दी गई है, उसी के आधार पर ऐसे बयान आते रहेंगे। इसलिए, यह कोई नई बात नहीं है कि सत्ता परिवर्तन या सरकार बदलने से कोई फायदा नहीं होता। यह कैसी मानसिकता है? देश भर के लोग भी इस बारे में सोच रहे हैं।"
--आईएएनएस
एससीएच/वीसी
