तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट पर यात्रियों को मिलेगा हाईटेक शॉपिंग अनुभव, एआई रोबोट करेगा मदद
तिरुवनंतपुरम, 16 जुलाई (आईएएनएस)। तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के अंतरराष्ट्रीय टर्मिनल (टी-2) पर यात्रियों के लिए ड्यूटी-फ्री शॉप को नए स्वरूप में शुरू किया गया है। पहले की तुलना में लगभग दोगुने क्षेत्र में फैली इस नई दुकान में यात्रियों को अधिक उत्पाद विकल्प, आधुनिक डिजिटल सुविधाएं और विशेष ऑफर्स मिलेंगे। एयरपोर्ट का संचालन टीआरवी (केरल) इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (टीआईएएल) द्वारा किया जाता है।
नई ड्यूटी-फ्री शॉप की सबसे बड़ी खासियत केरल की पहली एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) आधारित ग्राहक सहायता रोबोट है। यह रोबोट यात्रियों को उत्पादों की जानकारी, चल रहे ऑफर्स और खरीदारी संबंधी मार्गदर्शन देगा। इसके अलावा लॉन्च ऑफर के तहत यह रोबोट यात्रियों को 500 और 1,000 रुपए के डिजिटल गिफ्ट वाउचर भी उपलब्ध कराएगा, जिससे पात्र खरीदारी पर अतिरिक्त बचत की जा सकेगी।
ड्यूटी-फ्री स्टोर में अब अंतरराष्ट्रीय और प्रीमियम ब्रांडों के साथ कई नई लाइफस्टाइल श्रेणियां भी जोड़ी गई हैं। इनमें फैशन बैग, सनग्लासेस और घड़ियां शामिल हैं। इससे यात्रियों को पहले से अधिक खरीदारी विकल्प मिलेंगे। स्टोर में पहली बार एक विशेष सुपरमार्ट सेक्शन भी शुरू किया गया है, जहां खाद्य और गैर-खाद्य दोनों प्रकार की आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध होंगी। इससे यात्री अपनी यात्रा और दैनिक जरूरतों का सामान एक ही स्थान पर खरीद सकेंगे।
टीआईएएल के प्रवक्ता ने कहा कि उन्नत ड्यूटी-फ्री स्टोर यात्रियों को विश्वस्तरीय खरीदारी सुविधाएं, डिजिटल नवाचार और ग्राहक-केंद्रित सेवाएं प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि केरल में पहली बार शुरू की गई इन नई पहलों से तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा एयरपोर्ट रिटेल क्षेत्र में नए मानक स्थापित करेगा।
डिजिटल सुविधाओं को बढ़ावा देते हुए ड्यूटी-फ्री शॉप ने एक और नई पहल की है। अब ग्राहकों को खरीदारी के बाद व्हाट्सएप पर डिजिटल हस्ताक्षरित बिल भेजे जाएंगे। इससे कागज रहित और सुविधाजनक खरीदारी अनुभव सुनिश्चित होगा।
यात्रियों के लिए कई आकर्षक ऑफर्स भी शुरू किए गए हैं। ‘मेक इन इंडिया’ अभियान के तहत चुनिंदा भारतीय ब्रांडों की खरीदारी करने वाले ग्राहकों को निश्चित उपहार मिलेगा। वहीं, निर्धारित शर्तों के अनुसार खरीदारी करने वाले ड्यूटी-फ्री ग्राहकों को 4,999 रुपए मूल्य का प्रीमियम स्ट्रॉली बैग भी मुफ्त दिया जाएगा।
--आईएएनएस
एएमटी/एबीएम
