मुंबई : ठाणे जनरल हॉस्पिटल परियोजना की समीक्षा, शिंदे ने कहा- 'विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं जल्द'
मुंबई, 28 जुलाई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने ठाणे जनरल हॉस्पिटल के कामकाज और निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को परियोजना को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि ठाणे और आसपास के पालघर जिले के लोगों को जल्द से जल्द विश्वस्तरीय और अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
मंत्रालय में आयोजित समीक्षा बैठक में उप मुख्यमंत्री ने 900 बिस्तरों वाले अत्याधुनिक जिला जनरल हॉस्पिटल, महिला एवं बाल चिकित्सालय और सुपर-स्पेशियलिटी हॉस्पिटल परियोजना की प्रगति की जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि परियोजना के हर चरण में काम की गति बढ़ाई जाए और प्रशासनिक स्तर पर होने वाली किसी भी तरह की देरी को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
बैठक के दौरान अस्पताल की इमारत का निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद बिजली कनेक्शन नहीं होने के कारण अस्पताल शुरू नहीं हो पाने का मुद्दा सामने आया। इस पर एकनाथ शिंदे ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अस्पताल के लिए आवश्यक बिजली कनेक्शन का काम ‘फास्ट ट्रैक’ आधार पर पूरा किया जाए, ताकि स्वास्थ्य सेवाएं जल्द शुरू की जा सकें।
उप मुख्यमंत्री ने अस्पताल परिसर की नियमित और उच्च गुणवत्ता वाली सफाई सुनिश्चित करने, अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों की खरीद प्रक्रिया में तेजी लाने और हाल ही में सरकार द्वारा मंजूर किए गए 1,078 नए पदों को भरने की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के भी निर्देश दिए।
इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परियोजना के तहत एक ही परिसर में तीन प्रमुख अस्पताल संचालित किए जाएंगे। इसमें 500 बिस्तरों वाला मुख्य जिला अस्पताल, 200 बिस्तरों वाला महिला एवं बाल अस्पताल और 200 बिस्तरों वाला रेफरल सर्विस अस्पताल शामिल होगा। इसके अलावा यहां कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी और ऑन्कोलॉजी जैसे सुपर-स्पेशियलिटी विभाग भी उपलब्ध होंगे।
अस्पताल में गंभीर मरीजों और आपातकालीन सेवाओं को ध्यान में रखते हुए विशेष सुविधाओं का भी प्रावधान किया गया है। भवन की छत पर हेलीपैड बनाया गया है, जहां जरूरत पड़ने पर एयर एम्बुलेंस आसानी से उतर सकेंगी। इसके साथ ही अस्पताल में 16 आधुनिक सर्जिकल थिएटर भी बनाए जाएंगे।
समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश अबितकर, मंत्री दादाजी भुसे, गुलाबराव पाटिल, उदय सामंत सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
--आईएएनएस
एससीएच/एबीएम
