तेलंगाना की जनता कांग्रेस और बीआरएस से नाराज, अगली सरकार भाजपा की बनेगी: रामचंदर राव
हैदराबाद, 11 जुलाई (आईएएनएस)। तेलंगाना भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने कांग्रेस और बीआरएस पर तीखा हमला बोलते हुए दावा किया कि राज्य की जनता अब दोनों दलों से नाराज है और अगली बार तेलंगाना में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी। इसके साथ ही उन्होंने पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस से जुड़े विवाद पर भी प्रतिक्रिया दी।
रामचंदर राव ने आईएएनएस से कहा कि तेलंगाना की जनता कांग्रेस और बीआरएस, दोनों के खिलाफ है। दोनों पार्टियां सिर्फ राजनीतिक ड्रामा कर रही हैं और नहीं चाहतीं कि भाजपा राज्य में मजबूत हो या सत्ता तक पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और बीआरएस के बीच अंदरूनी समझ बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी अच्छी तरह जानते हैं कि अब लोग उनकी पार्टी के खिलाफ हो चुके हैं। जनता का बीआरएस पर भी भरोसा नहीं बचा है। कांग्रेस और बीआरएस के बीच जो कुछ भी हो रहा है, वह केवल राजनीतिक नाटक है, जबकि जनता भाजपा के साथ खड़ी है।
पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस को लेकर चल रहे विवाद पर रामचंदर राव ने कहा कि जब किसी राजनीतिक दल के भीतर आंतरिक विवाद होता है और दोनों पक्ष खुद को असली पार्टी बताते हैं, तब मामला भारत निर्वाचन आयोग के पास जाता है।
उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में आमतौर पर पार्टी का चुनाव चिह्न और पार्टी के खातों से जुड़े मुद्दों पर निर्वाचन आयोग को फैसला लेना पड़ता है। जब दो दावेदार सामने आते हैं तो पहला कदम पूरे खाते को फ्रीज करना होता है। एक पक्ष बहुमत के आधार पर खुद को असली टीएमसी बता रहा है, जबकि दूसरा पक्ष यह दावा कर रहा है कि वह पहले के पदाधिकारी होने के कारण असली पार्टी है। ऐसी परिस्थितियों में चुनाव आयोग हस्तक्षेप करता है और पूरे मामले तथा खातों को फ्रीज कर आगे की कार्रवाई करता है।
--आईएएनएस
वीकेयू/वीसी
