तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष की गिरफ्तारी पर नितिन नवीन का कांग्रेस पर निशाना, बोले- संविधान पर राहुल गांधी का भाषण सिर्फ दिखावा
नई दिल्ली, 1 सितंबर (आईएएनएस)। तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष एन रामचंदर राव की गिरफ्तारी को लेकर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा हमले झेल रहे भाजपा नेताओं को न्याय दिलाने के बजाय सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का काम कर रही है।
नितिन नवीन ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट कर बताया कि उन्होंने तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष एन रामचंदर राव से बात की है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा नलगोंडा भाजपा जिला अध्यक्ष नागम वर्षित रेड्डी के घर पर हमले के बाद उनसे मिलने जा रहे रामचंदर राव को पुलिस ने गैरकानूनी ढंग से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सुबह से ही उनके तारनाका स्थित आवास के बाहर सुरक्षा बल तैनात कर रखे थे।
उन्होंने कहा, ''जब कांग्रेस के गुंडे हमला करते हैं तो प्रशासन चुप रहता है, लेकिन जब भाजपा नेता पीड़ितों से मिलने जाते हैं तो कांग्रेस सरकार उन्हें गिरफ्तार कर लेती है। संविधान पर राहुल गांधी का भाषण पूरी तरह दिखावा है और तेलंगाना की जनता इस तानाशाही सोच का जवाब देगी।''
भाजपा के अनुसार, जैसे ही रामचंदर राव अपने घर से बाहर निकले और नलगोंडा रवाना होने के लिए वाहन में बैठने का प्रयास किया, पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर गांधी नगर पुलिस थाने ले गई।
भाजपा का आरोप है कि नलगोंडा में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच विवाद के बाद कांग्रेस समर्थकों ने जिला भाजपा अध्यक्ष नागम वर्षित रेड्डी के घर में तोड़फोड़ की। पार्टी का दावा है कि हमले के दौरान वर्षित रेड्डी के परिवार के सदस्यों, उनकी मां के साथ मारपीट की गई।
रामचंदर राव ने 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि वह वर्षित रेड्डी के प्रति एकजुटता जताने के लिए नलगोंडा जाना चाहते थे, लेकिन कांग्रेस सरकार ने उन्हें रोकने के लिए गिरफ्तार करवा लिया। उन्होंने इसे लोकतंत्र और संविधान की भावना के खिलाफ बताया।
केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी किशन रेड्डी ने भी रामचंदर राव की गिरफ्तारी की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को नजरबंद या गिरफ्तार किया जाना लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा हमला है।
वहीं, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार ने कहा कि भाजपा नेताओं पर हमले करने वालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हो रही है, जबकि पीड़ित कार्यकर्ताओं के समर्थन में खड़े होने वाले भाजपा नेताओं को गिरफ्तार किया जा रहा है। उन्होंने रामचंदर राव की तत्काल और बिना शर्त रिहाई की मांग की।
--आईएएनएस
एएमटी/वीसी
