तेजस्वी यादव के इमरजेंसी राजनीतिक लैंडिंग की जरूरत नहीं : नीरज कुमार
पटना, 25 मार्च (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव द्वारा कानून व्यवस्था पर सवाल उठाने पर जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव के इमरजेंसी राजनीतिक लैंडिंग की जरूरत नहीं है। बिहार पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करती है।
मुजफ्फरपुर के गोलीकांड मामले में बुधवार को राजद नेता तेजस्वी यादव चोरनियां गांव में पहुंचे। यहां उन्होंने गोलीकांड में दिवंगत हुए जगतवीर राय के परिजनों से मुलाकात कर उनका दुख साझा किया। तेजस्वी यादव ने इस दौरान परिवार को भरोसा दिलाया कि पूरी पार्टी उनके साथ मजबूती से खड़ी है।
तेजस्वी ने तुरंत स्थानीय जिलाधिकारी से बात कर इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की। तेजस्वी यादव ने कहा कि न्याय होकर रहेगा और हर हाल में जगतवीर राय को इंसाफ दिलाया जाएगा।
पटना में आईएएनएस से बातचीत में जदयू नेता नीरज कुमार ने कहा कि तेजस्वी यादव ने बिहार में इमरजेंसी राजनीतिक लैंडिंग की है। लेकिन, उन्हें पता होना चाहिए कि हमारी पुलिस उनके लैंडिंग का इंतजार नहीं करती है। पुलिस अपना काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि आप कानून-व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। पुलिसकर्मियों पर हमला हुआ है, और यह भी सच है कि जिस व्यक्ति की जान गई है, उसे न्याय मिलेगा।
नीरज कुमार ने राज्यसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि राज्यसभा चुनाव में महागठबंधन की शर्मनाक हार हुई। इसका कारण स्पष्ट था कि राजद के मुस्लिम विधायक ने भी चुनाव के दौरान वोट नहीं देने का फैसला किया। मुझे नहीं मालूम है कि उनके वोट न देने के पीछे क्या कारण है।
जदयू नेता निशांत कुमार का जिक्र करते हुए नीरज कुमार ने कहा कि राजद में तो संकट गहराता ही जा रहा है। तंज कसते हुए कहा कि निशांत कुमार के तीर से सभी घायल हो गए हैं। अभी आगे देखते हैं क्या होता है।
मुजफ्फरपुर के गोलीकांड को लेकर जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि पुलिस कार्रवाई करने के लिए गांव गई थी। जहां यह घटना हुई। इस मामले में सभी साक्ष्य जुटाए गए हैं और थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई हुई। इस संबंध में जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
--आईएएनएस
डीकेएम/एबीएम
