तेजस्वी यादव विपक्ष के नेता पद के लिए योग्य नहीं, उन्हें इस्तीफा देना चाहिए: गिरिराज सिंह
नई दिल्ली, 17 मार्च (आईएएनएस)। बिहार में राज्यसभा चुनाव के नतीजों के बाद केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि कांग्रेस के कुछ विधायकों ने राहुल गांधी के नेतृत्व को नकार दिया है। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए कहा कि राहुल गांधी को पहले अपना घर संभालना चाहिए।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने यह भी कहा कि तेजस्वी यादव अब विपक्ष के नेता पद के लिए योग्य नहीं हैं और उन्हें खुद इस्तीफा दे देना चाहिए। जनता के बाद अब उनके पार्टी के लोगों को ही उन पर विश्वास नहीं रह गया है।
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "हमने आज से यह तय किया है कि तारीख के अनुसार कांग्रेस ने देश के साथ क्या अच्छा किया, क्या बुरा किया, उससे देश की नीतियां कैसे प्रभावित हुईं और कैसे हम विकसित भारत नहीं बन पाए। यह सब मैं 365 दिन एक्स पर पोस्ट करूंगा।
उन्होंने कहा कि संसद में, संसद के बाहर यह पता होना चाहिए कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बड़ा काम किया है और हम विकसित भारत 2047 बनने की प्रक्रिया में हैं। हम आज चौथी अर्थव्यवस्था हैं। जब हम इस दिशा में आगे बढ़ रहे हैं, तो उसमें जो एक बाधा है, युवाओं, किसानों को भड़काना, जितनी भी संवैधानिक संस्थाएं हैं, उन पर जो हमले हो रहे हैं, उनको जनता को बताना और याद दिलाना कि कांग्रेस ने सच में घटिया काम किया है और वह जनता को गुमराह कर रही है। यही मेरा मकसद है।"
भाजपा सांसद शशांक मणि ने कहा, "इस संसद सत्र में जिस तरह का कोलाहल विपक्ष मचा रहा था, इसके विरोध में जब लोकसभा अध्यक्ष ने सांसदों को निलंबित किया, तो उससे सांसदों में एक संदेश गया कि छोटे-छोटे मुद्दे को लेकर वेल में आ जाना, सबसे बड़ी सदन को स्थगित करने के लिए नारेबाजी करना है। यह सब निंदनीय है और इस पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। कल जो आम सहमति बनी है, वह पूरे देश के लिए बहुत अच्छी है। अनावश्यक नारेबाजी यहां नहीं होनी चाहिए।"
केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह ने तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता ने विधानसभा चुनाव में उन्हें उचित स्थान पर पहुंचाया है और अब वे जो भी बयान दें, उसका असर नहीं पड़ेगा। तेजस्वी यादव को अपना घर संभालना चाहिए, जो वे नहीं कर पा रहे हैं। दूसरे लोगों पर आरोप लगाना ठीक नहीं है।
--आईएएनएस
वीसी
