तेजस्वी यादव के पास कोई मुद्दा नहीं बचा, सुर्खियों के लिए कर रहे हैं प्रदर्शन: संजीव चौरसिया
मुंगेर, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। सत्ताधारी पार्टी के चीफ व्हिप संजीव चौरसिया ने सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ तेजस्वी यादव के विरोध-प्रदर्शन को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव के पास अब कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है और प्रदर्शन के जरिए कुछ हासिल नहीं होने वाला। चौरसिया ने आरोप लगाया कि तेजस्वी यादव विकास के मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए अनर्गल बयानबाजी और विरोध-प्रदर्शन का सहारा ले रहे हैं।
समाचार एजेंसी आईएएनएस से खास बातचीत में संजीव चौरसिया ने तेजस्वी यादव के प्रदर्शन को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि उनके घेराव करने से आखिर क्या हासिल होगा। उन्होंने कहा कि जनता ने तेजस्वी यादव और उनके राजनीतिक प्रभाव को सीमित कर दिया है और अब उनके साथ बिहार की जनता किसी राजनीतिक खिलाड़ी के तौर पर खड़ी होने को तैयार नहीं है।
उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव के पास आज कोई ऐसा मुद्दा नहीं है जिसे लेकर वह जनता के बीच जा सकें। प्रदेश की जनता तेजस्वी यादव और उनके परिवार की कथित गतिविधियों को समझ चुकी है। जनता भ्रष्टाचार और हत्याओं से जुड़े आरोपों को लेकर भी उनके परिवार की भूमिका को लेकर सवाल करती रही है। जनता इस बात को समझ चुकी है कि तेजस्वी यादव समय-समय पर ऐसे मुद्दे उठाते हैं जिनका विकास से कोई संबंध नहीं है। प्रदेश में जनता विकास, रोजगार और बेहतर व्यवस्था जैसे मुद्दों पर ध्यान देना चाहती है, जबकि तेजस्वी यादव इन मुद्दों से ध्यान हटाने की कोशिश कर रहे हैं।
सत्ताधारी पार्टी के चीफ व्हिप ने आरोप लगाया कि तेजस्वी यादव के पास जनता के बीच जाने के लिए न तो कोई नया विकास का एजेंडा है और न ही जनता का विश्वास बचा है। इसी कारण वह अलग-अलग मुद्दों पर बयान देकर मीडिया की सुर्खियों में बने रहने का प्रयास कर रहे हैं। तेजस्वी यादव की राजनीति और उनके बयानों को बिहार की जनता अब समझ चुकी है। केवल विरोध प्रदर्शन करने या किसी संवैधानिक संस्था के खिलाफ घेराव करने से जनता के बीच राजनीतिक स्वीकार्यता हासिल नहीं की जा सकती।
उन्होंने कहा कि बिहार के लोग अब यह देख रहे हैं कि कौन विकास के मुद्दों पर काम कर रहा है और कौन केवल राजनीतिक बयानबाजी कर रहा है। तेजस्वी यादव की ओर से किया जा रहा विरोध भी इसी राजनीतिक रणनीति का हिस्सा है, जिसके जरिए वह अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं। तेजस्वी यादव और उनका परिवार बिहार में अपनी राजनीतिक गतिविधियों को बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन जनता उनके राजनीतिक इरादों को पहचान चुकी है। जनता अब किसी भी प्रकार की गलत मानसिकता या गलत भावना को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं है।
--आईएएनएस
पीएसके
