तेज प्रताप यादव ने गलत नहीं कहा, यूपी में फिर बनेगी योगी सरकार: संजय उपाध्याय
मुंबई, 25 मई (आईएएनएस)। भाजपा विधायक संजय उपाध्याय ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार के विकास कार्यों और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व के कारण राज्य लगातार प्रगति की ओर बढ़ रहा है।
भाजपा संजय उपाध्याय ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि जनशक्ति जनता दल के नेता तेज प्रताप यादव द्वारा उत्तर प्रदेश में फिर से योगी सरकार बनने की बात कहना कोई गलत बात नहीं है।
उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा सरकार की लोकप्रियता उसके विकास कार्यों, मजबूत नेतृत्व और जनकल्याणकारी योजनाओं की वजह से लगातार बढ़ रही है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गरीब कल्याण योजनाओं और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रणनीति की सराहना करते हुए कहा कि इन नीतियों ने देश और विशेष रूप से उत्तर प्रदेश के विकास को नई दिशा दी है।
उपाध्याय ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य में कानून व्यवस्था में बड़ा सुधार हुआ है और माफिया व अपराधियों पर सख्त कार्रवाई से निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में बिजली, सड़क, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं में तेजी से सुधार हुआ है। “हर घर जल” और बिजली जैसी योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंच रहा है, जिससे लोगों में संतोष और विश्वास का माहौल बना है।
भाजपा विधायक ने कहा कि वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या में लगातार बढ़ रही पर्यटकों की संख्या इस बात का प्रमाण है कि उत्तर प्रदेश “उत्तम प्रदेश” बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए संजय उपाध्याय ने कहा कि राहुल गांधी खुद को देश का “युवराज” मानते हैं, लेकिन एक गरीब परिवार से आने वाले नरेंद्र मोदी पिछले कई वर्षों से देश की सेवा कर रहे हैं और मजबूत नेतृत्व दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि यही बात कांग्रेस नेतृत्व को स्वीकार नहीं हो रही है।
इसके अलावा उन्होंने ममता बनर्जी और विपक्षी दलों पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि चुनावी हार के बाद विपक्षी दलों में बेचैनी बढ़ गई है और जो नेता पहले राहुल गांधी के नेतृत्व को स्वीकार नहीं करते थे, वे अब विपक्षी एकता की बात कर रहे हैं।
संजय उपाध्याय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक “विकसित भारत” का लक्ष्य रखा है। हालांकि कोविड महामारी और अंतरराष्ट्रीय युद्धों जैसी वैश्विक चुनौतियों का असर अर्थव्यवस्था पर पड़ा है, लेकिन इसके बावजूद भारत मजबूती के साथ आगे बढ़ रहा है।
--आईएएनएस
एसएके/वीसी
