Aapka Rajasthan

तीसरा वनडे: जिम्बाब्वे के खिलाफ मैथ्यूज-कैंपबेल का तूफान, वेस्टइंडीज की महिला टीम ने 2-1 से जीती सीरीज

हरारे, 30 सितंबर (आईएएनएस)। कप्तान हेली मैथ्यूज और शेमेन कैंपबेल की शानदार पारियों के दम पर वेस्टइंडीज की महिला टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले मुकाबले में 91 रन से जीत हासिल की। इसी के साथ मेहमान टीम ने तीन मुकाबलों की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली।
 

हरारे, 30 सितंबर (आईएएनएस)। कप्तान हेली मैथ्यूज और शेमेन कैंपबेल की शानदार पारियों के दम पर वेस्टइंडीज की महिला टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले मुकाबले में 91 रन से जीत हासिल की। इसी के साथ मेहमान टीम ने तीन मुकाबलों की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली।

बुधवार को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी वेस्टइंडीज की टीम ने निर्धारित ओवरों में 5 विकेट खोकर 271 रन बनाए। कप्तान हेली मैथ्यूज और रियालियाना ग्रिमंड के बीच पहले विकेट के लिए 38 रन की साझेदारी हुई। ग्रिमंड महज 3 रन बनाकर पवेलियन लौटीं, जिसके बाद कप्तान हेली ने मोर्चा संभाला।

हेली ने शेमेन कैंपबेल के साथ तीसरे विकेट के लिए 160 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 198 के स्कोर तक पहुंचा दिया। मैथ्यूज ने 113 गेंदों में 1 छक्के और 18 चौकों के साथ 118 रन बनाए। इसके बाद कैंपबेल ने छोटी-छोटी साझेदारियां करते हुए टीम को 224 के स्कोर तक पहुंचाया। कैंपबेल अपने शतक से महज 4 रन दूर रह गईं। उन्होंने 119 गेंदों में 13 चौकों के साथ 96 रन की पारी खेली।

इसके बाद जैनिलिया ग्लासगो (नाबाद 26) ने जहजारा क्लैक्सटन (नाबाद 11) के साथ छठे विकेट के लिए 28 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचा दिया। विपक्षी खेमे से नोमवेलो सिबांडा और बिलवेड वीजा ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि न्याशा ग्वांजुरा ने 1 विकेट चटकाया।

इसके जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 47.3 ओवरों में 180 रन पर सिमट गई। टीम ने 9 रन तक अपने 2 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद बिलवेड वीजा ने चिपो मुगेरी-तिरिपानो के साथ तीसरे विकेट के लिए 22 रन जुटाकर टीम को संभालने की कोशिश की।

बीजा टीम के खाते में सिर्फ 7 रन का योगदान दे सकीं। इसके बाद कप्तान जोसेफिन न्कोमो ने मोर्चा संभाला। उन्होंने छोटी-छोटी साझेदारियां करते हुए टीम को किसी तरह 180 रन तक पहुंचाया, लेकिन करारी हार से बचा नहीं सकीं। जोसेफिन 109 गेंदों में 6 बाउंड्री के साथ 74 रन बनाकर नाबाद रहीं।

विपक्षी खेमे से जैनिलिया ग्लासगो, अश्मिनी मुनिसार और आलिया एलीन ने 2-2 सफलताएं हासिल कीं, जबकि जैदा जेम्स और एफी फ्लेचर को 1-1 विकेट हाथ लगा।

--आईएएनएस

आरएसजी