तीन साल की रेप पीड़िता को एम्स में मेडिकल जांच कराने से पुलिस का इनकार, सौरभ भारद्वाज ने उठाए सवाल
नई दिल्ली, 26 मई (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने जनकपुरी स्थित स्कूल में तीन साल की बच्ची के साथ हुए बलात्कार के मामले में दिल्ली पुलिस पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
उन्होंने कहा कि पीड़िता के माता-पिता एम्स में दोबारा मेडिकल जांच कराने की मांग कर रहे हैं, लेकिन पुलिस इसके लिए तैयार नहीं है। सौरभ भारद्वाज ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इस मामले को उठाया।
उन्होंने लिखा, “आज देश में सबसे कम उम्र की एक कॉकरोच है– जो मात्र 3 साल की एक बच्ची है। जनकपुरी के एक स्कूल में उसके साथ बलात्कार हुआ। आरोपी स्कूल का 57 वर्षीय वरिष्ठ अधिकारी है।”
भारद्वाज ने कहा कि इतनी नन्हीं पीड़िता को अब तक न्याय नहीं मिल पाया है। उन्होंने पूछा, “पुलिस तीन साल की मासूम का एम्स में मेडिकल कराने को तैयार क्यों नहीं है? स्कूल के वरिष्ठ अधिकारी और आरोपी को कौन बचा रहा है? क्या इस सरकार में हर पीड़िता को न्याय तभी मिलेगा, जब सोशल मीडिया पर भारी बवाल मचेगा?”
आप नेता ने यह भी कहा कि बच्ची के माता-पिता अब दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं। वे अपनी बेटी का एम्स में एक बार फिर मेडिकल परीक्षण कराने और न्याय की गुहार लगा रहे हैं।
भारद्वाज ने कहा, “क्या इस देश में तीन साल की मासूम को न्याय पाने के लिए इतनी कठिनाइयां झेलनी पड़ेंगी?”
बता दें कि यह मामला उस समय सुर्खियों में आया जब स्कूल परिसर में बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई। अभी तक पुलिस की जांच धीमी गति से चल रही है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है, जिससे अभिभावकों और क्षेत्रीय लोगों में रोष है। सौरभ भारद्वाज ने मांग की है कि त्वरित और निष्पक्ष जांच हो और पीड़िता को तुरंत एम्स में मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
--आईएएनएस
पीकेटी/डीकेपी
