Aapka Rajasthan

तीन दशकों से गुजरात की जनता का पीएम मोदी के नेतृत्व और भाजपा के विकास मॉडल पर अटूट विश्वास: अमित शाह

गांधीनगर, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। गुजरात स्थानीय निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दबदबा कायम है। भाजपा को नगर निगमों, नगर पालिकाओं, जिला पंचायतों और तालुका पंचायतों में निर्णायक बढ़त मिल गई है। इसे लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं को बधाई दी है।
 
तीन दशकों से गुजरात की जनता का पीएम मोदी के नेतृत्व और भाजपा के विकास मॉडल पर अटूट विश्वास: अमित शाह

गांधीनगर, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। गुजरात स्थानीय निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दबदबा कायम है। भाजपा को नगर निगमों, नगर पालिकाओं, जिला पंचायतों और तालुका पंचायतों में निर्णायक बढ़त मिल गई है। इसे लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं को बधाई दी है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि गुजरात के स्थानीय स्वशासन चुनावों में जनता द्वारा भाजपा को दिया गया जबरदस्त जनादेश इस बात का स्पष्ट संकेत है कि राज्य की सेवा और विकास के लिए भाजपा पर जनता का अटूट विश्वास आज भी पूरी तरह कायम है।

उन्होंने कहा कि पिछले 3 दशकों से गुजरात की जनता ने पंचायतों से लेकर संसद तक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा के विकास मॉडल पर अपना अटूट विश्वास व्यक्त किया है। गुजरात की जनता के निरंतर प्रेम और समर्थन के लिए उन्हें कोटि-कोटि नमन।

अमित शाह ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी, प्रदेश अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा और उन सभी समर्पित कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई, जिन्होंने अपने अथक प्रयासों से इस शानदार जीत को संभव बनाया।

वहीं, गुजरात स्थानीय निकाय चुनाव के परिणामों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गुजरात और भाजपा के बीच रिश्ता और मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि राज्यभर में हुए महानगरपालिका, नगरपालिका, तालुका पंचायत और जिला पंचायत चुनावों में जनता ने भाजपा को भारी जनादेश दिया है।

उन्होंने आगे कहा कि लोगों ने सुशासन की राजनीति और राज्य सरकार के उत्कृष्ट कार्यों पर भरोसा जताया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भाजपा आने वाले समय में और अधिक मेहनत कर गुजरात को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी। उन्होंने गुजरात भाजपा कार्यकर्ताओं की भी सराहना करते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने हमेशा जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं का समाधान किया है, यही वजह है कि भाजपा बार-बार गुजरात की पहली पसंद बनती रही है।

वहीं, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने जीत पर राज्य की जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राजनीति और विकास के विजन पर फिर से विश्वास जताया है। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान जनता के हर सवाल का जवाब दिया गया और गुजरात की जनता ने नकारात्मक राजनीति को नकार दिया। सीएम ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने में गुजरात की जनता ने भाजपा का साथ दिया है।

--आईएएनएस

डीकेपी/