टीम में आत्मविश्वास की कमी, इस मुश्किल समय में हमारा एकजुट रहना जरूरी: जाबी अलोंसो
नॉटिंघम, 28 नवंबर (आईएएनएस)। चेल्सी के मैनेजर जाबी अलोंसो ने अपने खिलाड़ियों से कहा है कि वे मुश्किल समय में एक साथ खड़े रहें और एक-दूसरे का साथ दें। टीम को शनिवार को सिटी ग्राउंड पर नॉटिंघम फॉरेस्ट से 3-2 से हार का सामना करना पड़ा, जो प्रीमियर लीग में उनकी लगातार तीसरी हार थी।
चेल्सी का खराब प्रदर्शन एक बार फिर देखने को मिला, जब नॉटिंघम फॉरेस्ट ने मैच की शुरुआत से ही बढ़त हासिल कर ली। इगोर जीसस ने मेजबान टीम के लिए पहला गोल किया, जिसके बाद मॉर्गन गिब्स-व्हाइट ने दो बार गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचाया। उनके गोलों में एक पेनल्टी भी शामिल थी, जिससे फॉरेस्ट ने मुकाबले पर मजबूत पकड़ बना ली।
दूसरे हाफ में इमैनुएल एमेघा ने दो गोल दागकर मेहमान टीम की वापसी की उम्मीद जगाई, लेकिन चेल्सी बराबरी का गोल करने में सफल नहीं हो सकी। हार पर विचार करते हुए अलोंसो ने माना कि उनकी टीम उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई और फिलहाल आत्मविश्वास की कमी से जूझ रही है।
उन्होंने मैच के बाद पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "कई चीजें हमारे मुताबिक नहीं हुईं। मुझे लगता है कि टीम का आत्मविश्वास अभी कम है। यह साफ दिखाई देता है कि हम अच्छे नतीजों को बनाए रखने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। जब हमने 2-1 तक अंतर कम किया, तो उसके तुरंत बाद 3-1 का गोल खा बैठे। ऐसे समय में हमें मैच पर पकड़ मजबूत करनी चाहिए थी, लेकिन हम ऐसा नहीं कर सके। हम निश्चित रूप से इससे बेहतर खेल सकते हैं। इस स्तर पर आपको मैच में स्थिरता बनाए रखनी होती है और अनावश्यक गोल खाने से बचना पड़ता है। पिछले कुछ मुकाबलों में हमारी हार की यही सबसे बड़ी वजह रही है।"
चेल्सी के मैनेजर ने स्वीकार किया कि टीम की मौजूदा स्थिति की जिम्मेदारी खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ दोनों पर है। उन्होंने कहा कि टीम को अपनी कमियों पर अटकने के बजाय उनके समाधान तलाशने पर ध्यान देना होगा।
उन्होंने कहा, "इस समय चीजें हमारे मुताबिक नहीं चल रही हैं और इसकी जिम्मेदारी हमारी है। मगर हालात बदलने का रास्ता भी हमें ही खोजना होगा। ऐसे समय में सबसे जरूरी है कि हम एकजुट रहें। ड्रेसिंग रूम में मौजूद हर खिलाड़ी और स्टाफ सदस्य की भूमिका अहम है। हमें एक-दूसरे का साथ देना होगा और एक टीम की तरह काम करना होगा। हम सभी को मिलकर इस मुश्किल दौर से बाहर निकलना है। अगर हम एकजुट नहीं रहे और एक-दूसरे का समर्थन नहीं किया, तो हालात और भी चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं।"
अलोंसो ने माना कि ताजा झटका क्लब और उसके समर्थकों के लिए निराशाजनक था, लेकिन उन्होंने जोर देकर कहा कि टीम को रिकवरी के लिए काम करते रहना चाहिए। उन्होंने कहा, "यह क्लब, टीम और फैंस सभी के लिए एक मुश्किल पल है। हारना फिर से निराशाजनक है, लेकिन हमें समाधान खोजने की कोशिश करते रहना होगा। हम रुक नहीं सकते।"
इस हार के बाद चेल्सी प्रीमियर लीग स्टैंडिंग में आठवें स्थान पर आ गई है, जबकि फॉरेस्ट एक बड़ी घरेलू जीत के साथ 17वें से 14वें स्थान पर पहुंच गया है।
--आईएएनएस
एसएम/एबीएम
