तमिलनाडु में भाजपा ने लॉन्च किया 'शिकायत बॉक्स', पीयूष गोयल बोले- राज्य में बनेगी एनडीए की सरकार
चेन्नई, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तमिलनाडु में अपने चुनाव प्रचार को गति देते हुए 'शिकायत बॉक्स' प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है। इसमें 'क्यूआर कोड' के जरिए लोग अपनी शिकायत और सुझाव शेयर कर सकते हैं। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि एक बहुत अच्छे कैंपेन की शुरुआत की गई है।
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और भाजपा नेता तमिलिसाई सुंदरराजन ने मायलापुर में 'क्यूआर' कोड पहल शुरुआत की। इस विधानसभा सीट से तमिलिसाई सुंदरराजन चुनाव लड़ रही हैं।
पीयूष गोयल ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "यह बहुत अच्छी पहल की शुरुआत हुई है। सोमवार को सभी उम्मीदवार अपना नामांकन दाखिल करेंगे। जमीनी स्तर पर जबरदस्त उत्साह है। जनता तमिलनाडु-विरोधी व भारत-विरोधी डीएमके और कांग्रेस को परास्त करेगी। एनडीए गठबंधन इस बार सरकार बनाएगा, जो यहां की जनता की सेवा और विकास करेगा।"
उन्होंने अपनी बात दोहराते हुए कहा, "तमिलनाडु की जनता बहुत समझदार है और वह चुनाव में बिल्कुल गलती नहीं करेगी। वह एनडीए को वोट करेगी और फिर से राज्य में एनडीए की सरकार बनेगी।"
वहीं, तमिलिसाई सुंदरराजन ने कहा कि जीत हमारी होगी। तमिलनाडु में सब विजय की बात कर रहे हैं और वह विजय हमारे साथ है। हम बहुत खुश हैं। आज हमने यहां एनडीए कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी की है। निश्चित रूप से तमिलनाडु में एनडीए सरकार बनाएगी। लोग डीएमके को बाहर का रास्ता दिखाएंगे और उसकी वंशवादी व भ्रष्टाचार की राजनीति का अंत करेंगे।
इस दौरान, तमिलिसाई सुंदरराजन ने केंद्र सरकार की ओर से महिला आरक्षण संशोधन विधेयक लाने की तैयारियों पर कहा, "हम इसका स्वागत करते हैं। कांग्रेस बिना किसी वजह के महिला आरक्षण संशोधन विधेयक का विरोध कर रही है।"
इससे पहले, एक कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा, "तमिलनाडु में हम जो चुनाव देख रहे हैं, वह महज एक और चुनाव नहीं है। यह चुनाव तमिलनाडु के भाग्य का, तमिल भविष्य का और तमिल संस्कृति का फैसला करेगा। हमारे बच्चों का भविष्य इस विधानसभा चुनाव के नतीजों पर निर्भर है। पूरा एनडीए गठबंधन एक ही मिशन के लिए काम कर रहा है, वह है 'एक विकसित और समृद्ध तमिलनाडु', जो इस खूबसूरत राज्य में रहने वाले हर बच्चे, हर युवा, हर व्यक्ति के कल्याण का ध्यान रखे।"
--आईएएनएस
डीसीएच/
