Aapka Rajasthan

तमिलनाडु: मदुरै में निर्माण कार्य के दौरान जमीन धंसी, महिला मजदूर की मौत, बचाव अभियान जारी

मदुरै, 22 मई (आईएएनएस)। तमिलनाडु के मदुरै में निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। सिलाइमन थाना क्षेत्र के सुलैमान इलाके में एक पुराने थिएटर के पास विवाह भवन का निर्माण किया जा रहा था।
 
तमिलनाडु: मदुरै में निर्माण कार्य के दौरान जमीन धंसी, महिला मजदूर की मौत, बचाव अभियान जारी

मदुरै, 22 मई (आईएएनएस)। तमिलनाडु के मदुरै में निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। सिलाइमन थाना क्षेत्र के सुलैमान इलाके में एक पुराने थिएटर के पास विवाह भवन का निर्माण किया जा रहा था।

इसी दौरान अचानक जमीन धंस गई, जिससे वहां काम कर रहीं दो महिला मजदूर मिट्टी के मलबे में दब गईं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और बचाव दल को सूचना दी।

जानकारी के अनुसार, हादसे में 40 वर्षीय धनलक्ष्मी की मौत हो गई। उनका शव मलबे से बाहर निकाल लिया गया है। दूसरी महिला मजदूर लक्ष्मी, जो मदुरै के पुलियानकुलम इलाके की रहने वाली है, अभी भी मिट्टी के नीचे फंसी हुई हैं। उन्हें बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान लगातार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन और बचाव सेवा के जवान मौके पर पहुंच गए। बचाव दल भारी मशीनों और अन्य उपकरणों की मदद से मलबा हटाने में जुटा हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि पूरी सावधानी के साथ अभियान चलाया जा रहा है, ताकि मलबे में फंसी महिला को जल्द बाहर निकाला जा सके।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुलैमान इलाके में चिन्नासामी की जमीन पर बनाए जा रहे विवाह भवन के निर्माण के दौरान हुआ। निर्माण स्थल पर खुदाई का काम चल रहा था, तभी अचानक मिट्टी धंस गई और मजदूर उसकी चपेट में आ गए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। आसपास के लोगों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का ठीक से पालन नहीं किया जा रहा था। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हादसा किन कारणों से हुआ।

प्रशासन ने कहा है कि बचाव कार्य पूरा होने के बाद पूरे मामले की विस्तृत जांच कराई जाएगी।

--आईएएनएस

एसएचके/एबीएम