तमिलनाडु चुनाव: मतदाताओं की यात्रा को सुगम बनाने के लिए चेन्नई से चलेंगी 6,000 से अधिक विशेष बसें
चेन्नई, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव को देखते हुए स्टेट एक्सप्रेस ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन ने चेन्नई से बड़ी संख्या में विशेष बसें चलाने की घोषणा की है, ताकि लोग अपने गृह नगर जाकर मतदान कर सकें।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, बुधवार को शहर से चलने वाली 2,092 नियमित बसों के अलावा कुल 6,132 विशेष बसें भी चलाई जाएंगी। इन बसों का उद्देश्य मतदान से पहले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को संभालना है, क्योंकि चुनाव के समय बड़ी संख्या में लोग वोट डालने के लिए अपने-अपने गृह नगर लौटते हैं।
परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मतदान के दिन यात्रियों की वापसी और अंतिम समय की यात्रा जरूरतों को पूरा करने के लिए 1,505 अतिरिक्त विशेष बसें भी चलाई जाएंगी। इससे यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसका ध्यान रखा जा रहा है।
अधिकारियों का अनुमान है कि जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आएंगे, चेन्नई के प्रमुख बस टर्मिनलों पर भारी भीड़ देखने को मिलेगी। इस भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों की सुविधा के लिए यह विशेष व्यवस्था की गई है।
ये विशेष बसें मुख्य रूप से चेन्नई के कोयम्बेडु, किलांबक्कम और माधवराम बस टर्मिनलों से चलाई जाएंगी। इन स्थानों को इसलिए चुना गया है, ताकि राज्य के अलग-अलग जिलों में जाने वाले यात्रियों को आसानी से उनके गंतव्य तक पहुंचाया जा सके।
परिवहन विभाग ने यात्रियों से अपील की है कि वे अंतिम समय की भीड़ और असुविधा से बचने के लिए पहले से अपनी सीटों की बुकिंग कर लें, ताकि यात्रा सुगम और व्यवस्थित हो सके।
परिवहन अधिकारियों ने बताया कि पहले से टिकट बुक करने से बस स्टेशनों पर भीड़ कम करने में मदद मिलेगी और यात्रियों का सफर अधिक व्यवस्थित और सुगम होगा।
कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए मेट्रोपॉलिटन ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन कोयम्बेडु को किलांबक्कम और माधवराम से जोड़ने वाली 24 घंटे चलने वाली फीडर बस सेवाएं भी चलाएगा। इन सेवाओं का उद्देश्य यात्रियों को शहर के अलग-अलग हिस्सों से लंबी दूरी की बसों तक आसानी से पहुंचाना है।
हालांकि, चुनावी यात्रा की बढ़ती मांग के बीच यात्रियों में चिंता भी देखने को मिल रही है, क्योंकि चेन्नई से चलने वाली निजी ओमनी बसों के किराए में कथित तौर पर भारी बढ़ोतरी हुई है। बताया जा रहा है कि कई रूटों पर किराया सामान्य दरों से तीन गुना तक बढ़ गया है।
इस बढ़ी हुई कीमतों को लेकर यात्रियों ने असंतोष जताया है और अधिकारियों से अपील की है कि वे इस मामले में हस्तक्षेप करें और व्यस्त यात्रा समय के दौरान किराए को नियंत्रित करने के लिए कदम उठाएं।
इन व्यापक व्यवस्थाओं के बीच परिवहन अधिकारियों ने विश्वास जताया है कि अतिरिक्त बस सेवाएं चुनाव के दौरान होने वाली भीड़ को प्रभावी ढंग से संभालेंगी और यह सुनिश्चित करेंगी कि यात्री बिना किसी बड़ी परेशानी के अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।
--आईएएनएस
डीकेपी/
