तमिलनाडु चुनाव: भाजपा की इफ्तार पार्टी के बाद वेल्लोर इब्राहिम ने कहा- एनडीए की होगी जीत, डीएमके पर साधा निशाना
चेन्नई, 18 मार्च (आईएएनएस)। तमिलनाडु में विधानसभा चुनावों के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इफ्तार पार्टी दी है। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय सचिव सैयद इब्राहिम उर्फ वेल्लोर इब्राहिम ने कहा कि भाजपा-एनडीए सरकार में मुस्लिम और क्रिश्चियन भाई बहनों को लाभ मिला है। चुनावों के बीच केंद्र सरकार की योजनाओं को राज्य की जनता तक पहुंचाने की कोशिश करेंगे।
समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए वेल्लोर इब्राहिम ने कहा, "भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से मुस्लिम भाई बहनों के लिए इफ्तार पार्टी रखी गई है, जो बहुत अच्छी थी। हम सभी मुस्लिम भाई बहन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथ को मजबूत करने और देश को आगे बढ़ाने के लिए एक साथ मिलकर आने वाले विधानसभा चुनाव में एनडीए को समर्थन करेंगे।"
उन्होंने तमिलनाडु की सत्तारूढ़ डीएमके पर भी गंभीर आरोप लगाए। वेल्लोर इब्राहिम ने कहा कि डीएमके की सरकार भ्रष्टाचारी सरकार है। यह भगवान और खुदा को मानने वाले लोगों को गाली देने वाली सरकार है। इस सरकार को भगाकर हम सभी 'सबका साथ-सबका विकास' नारा दोहराते हुए एनडीए के तरफ बढ़ेंगे।
वेल्लोर इब्राहिम ने यह भी कहा कि आने वाला चुनाव हम सभी के भविष्य का चुनाव है। हम सभी मुस्लिम भाई-बहन को एनडीए को वोट डालने के लिए मनाएंगे। भाजपा-एनडीए सरकार में मुस्लिम और क्रिश्चियन भाई बहनों को लाभ मिला है। चुनावों के बीच केंद्र सरकार की योजनाओं को राज्य की जनता तक पहुंचाने की कोशिश करेंगे।
उन्होंने दावा किया कि हम तमिलनाडु में जरूर विधानसभा चुनाव जीतेंगे।
गौरतलब है कि तमिलनाडु में सभी 234 विधानसभा सीटों पर चुनाव कार्यक्रम की घोषणा हो चुकी है। राज्य में मतदान 23 अप्रैल को एक ही चरण में होगा और परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे। चुनाव आयोग के अनुसार, तमिलनाडु में कुल मतदाताओं की संख्या 5,67,74,436 है। चुनाव में 12.51 लाख मतदाता पहली बार अपने मत का इस्तेमाल करेंगे।
--आईएएनएस
डीसीएच/
