Aapka Rajasthan

तमिलनाडु सरकार का राशन कार्डधारकों को लेकर बड़ा स्पष्टीकरण, ई-केवाईसी नहीं होने पर भी मिलता रहेगा राशन

चेन्नई, 30 सितंबर (आईएएनएस)। तमिलनाडु सरकार ने राशन कार्डधारकों के लिए ई-केवाईसी को लेकर स्थिति स्पष्ट की है। सरकार ने कहा कि जिन परिवार कार्डधारकों ने अभी तक ई-केवाईसी पूरा नहीं किया है, उन्हें जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति बंद नहीं की जाएगी।
 

चेन्नई, 30 सितंबर (आईएएनएस)। तमिलनाडु सरकार ने राशन कार्डधारकों के लिए ई-केवाईसी को लेकर स्थिति स्पष्ट की है। सरकार ने कहा कि जिन परिवार कार्डधारकों ने अभी तक ई-केवाईसी पूरा नहीं किया है, उन्हें जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति बंद नहीं की जाएगी।

राज्य सरकार ने सभी तालुका आपूर्ति अधिकारियों और सहायक आयुक्तों को निर्देश दिया है कि किसी भी परिवार कार्डधारक को आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति रोकी या देने से इनकार नहीं किया जाए।

हालांकि, केंद्र सरकार ने निर्देश दिया है कि प्राथमिकता वाले परिवार (पीएचएच) और अंत्योदय अन्न योजना (एएवाई) के ऐसे परिवार कार्डधारक, जिन्होंने छह महीने से अधिक समय से उचित मूल्य की दुकानों से सामान नहीं खरीदा है, उन्हें वस्तुओं की आपूर्ति 1 अक्टूबर 2026 से अस्थायी रूप से बंद कर दी जाएगी।

तमिलनाडु में पीएचएच और एएवाई परिवार कार्डधारकों के बीच ई-केवाईसी पूरा होने की दर 96.69 प्रतिशत तक पहुंच गई है।

सहकारिता, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की ओर से ई-केवाईसी पूरा कराने के लिए 10 मई, 2 अगस्त, 8 अगस्त, 9 अगस्त, 29 अगस्त और 19 व 26 सितंबर 2026 को विशेष शिविर लगाए गए थे।

इन विशेष शिविरों के कारण ई-केवाईसी सत्यापन की दर जुलाई में 95.44 प्रतिशत से बढ़कर 30 सितंबर तक 96.69 प्रतिशत हो गई। इन शिविरों के जरिए कुल 4,49,663 पीएचएच और एएवाई लाभार्थियों को फायदा मिला।

सरकार ने ऐसे परिवार कार्डधारकों से जल्द से जल्द ई-केवाईसी पूरा कराने की अपील की है, जिन्होंने अब तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है।

राशन कार्डधारक उचित मूल्य की दुकान पर सामान लेने के दौरान फिंगरप्रिंट या आइरिस ऑथेंटिकेशन के जरिए अपनी ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

तमिलनाडु के नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि केवल ई-केवाईसी पूरा नहीं होने की वजह से किसी परिवार कार्डधारक को आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी