तमिलनाडु: कल्लाकुरिची में उलुंदुरपेट के पास दो लग्जरी बसों के बीच टक्कर, 10 से अधिक यात्री घायल
कल्लाकुरिची, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। तमिलनाडु के कल्लाकुरिची जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग पर उलुंदुरपेट के पास दो लग्जरी बसों की टक्कर में 10 से अधिक यात्री घायल हो गए। सभी घायल यात्रियों को इलाज के लिए उलुंदुरपेट सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार, चेन्नई से अलंगुलम जा रही एक लग्जरी बस उलुंदुरपेट बाईपास रोड पर एक चाय की दुकान के पास से गुजर रही थी, तभी आगे चल रही दूसरी लग्जरी बस ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इसके चलते पीछे से आ रही बस आगे वाली गाड़ी से टकरा गई और हादसा हो गया।
दोनों बसों में सवार 10 से अधिक यात्री घायल हो गए, जिनमें से एक यात्री के पैर की उंगली कट गई। घायलों को तुरंत उलुंदुरपेट सरकारी अस्पताल ले जाया गया। हादसे की सूचना मिलने पर रात की गश्त पर तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त बसों को सड़क से हटाने का काम शुरू किया।
रात के समय हुई दो लग्जरी बसों की टक्कर से उलुंदुरपेट बाईपास रोड पर तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। हादसे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी ट्रैफिक जाम लग गया और लगभग 2 किलोमीटर तक गाड़ियों की कतार लग गई। ट्रैफिक रुकने से वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिसकर्मियों ने ट्रैफिक को नियंत्रित करने और जाम हटाने के प्रयास किए।
इस बीच, हादसे का शिकार हुई लग्जरी बसों में सवार यात्रियों के लिए दूसरी बसों का इंतजाम किया गया है, ताकि वे अपनी यात्रा जारी रख सकें।
इससे पहले, बुधवार को तमिलनाडु के जनपद विल्लुपुरम में एक बस और ट्रक की टक्कर में एक यात्री की मौत हो गई। इस दुर्घटना में बस में सवार कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आईं। यह दुर्घटना विल्लुपुरम जनपद के टिंडिवनम के पास हुई।
बताया गया कि मेट्टूर ट्रैवल्स की यह बस 38 यात्रियों के साथ पोलाची से चेन्नई जा रही थी। जब बस विल्लुपुरम जिले में टिंडिवनम के पास कन्निकापुरम बस स्टॉप के करीब पहुंची, तो उसके आगे जा रहे ट्रक ने अचानक दाईं ओर मुड़ने के लिए टर्न लिया। बस का ड्राइवर अचानक हुए इस बदलाव के लिए तैयार नहीं था। उसने बस रोकने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहा और बस जोरदार तरीके से ट्रक के किनारे से टकरा गई। ट्रक के किनारे लगी सभी गार्ड रॉड्स बस के अगले हिस्से को चीरती हुई अंदर घुस गईं। बस की अगली सीट पर बैठे तिरुपुर निवासी नंदकुमार के शरीर में रॉड्स घुस गईं और दर्द से तड़पते हुए उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
इस दुर्घटना का कारण बना ट्रक बिना रुके ही घटनास्थल से तेजी से भाग गई। इसके बाद, बस से टकराने से बचने के लिए पीछे आ रही दो अन्य ट्रकों ने अचानक ब्रेक लगाए, जिससे उनका संतुलन बिगड़ गया और वे हाईवे पर पलट गए। सूचना मिलने पर टिंडिवनम फायर डिपार्टमेंट के कर्मचारी मौके पर पहुंचे, बस में फंसी ट्रक की साइड रॉड्स को हटाया, फंसे हुए शव को बाहर निकाला और उसे पोस्टमार्टम के लिए विल्लुपुरम मुंडियामबक्कम गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल भेजा। बस में सवार कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आईं।
--आईएएनएस
डीसीएच/
