ताजमहल को टिफनी ट्रंप ने बताया 'शानदार'
नई दिल्ली, 31 मई (आईएएनएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफनी पति माइकल बुलोस के साथ भारत दौरे पर हैं। ये उनकी निजी यात्रा है। रविवार को उन्होंने एक ताजमहल परिसर में खिंचवाई तस्वीर साझा की। बेहद कम शब्दों में उन्होंने दुनिया के सात अजूबों में शामिल धरोहर स्थल की खूबसूरती का जिक्र किया।
जैसलमेर पहुंचने से करीब दो घंटे पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पति बुलोस के साथ खिंचवाई तस्वीर पोस्ट करते हुए कैप्शन लिखा "द स्टनिंग ताजमहल" यानी शानदार ताजमहल!
टिफनी शनिवार को नई दिल्ली से आगरा पति और कुछ दोस्तों के साथ पहुंची। उन्होंने ताजमहल में अच्छा खासा समय बिताया था। रविवार को वह विशेष विमान से राजस्थान के जैसलमेर पहुंचीं। एयरपोर्ट के बाहर भारत के वायु रक्षा सिस्टम ‘आकाश’ को भी तैनात किया गया था, जिसे सेना और वायुसेना की मजबूत एयर डिफेंस क्षमता का अहम हिस्सा माना जाता है। सुरक्षा के लिए हाई-सिक्योरिटी और बुलेटप्रूफ वाहनों की व्यवस्था भी की गई थी, ताकि पूरी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
दोनों सूर्यगढ़ होटल में रुके हैं। यहां पहुंचने पर उनका पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया गया। हाई-प्रोफाइल दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी सख्त की गई है। कड़ी सुरक्षा के बीच उनका काफिला एयरपोर्ट से शहर की ओर निकला। वह यहां विश्व प्रसिद्ध सोनार किला सहित प्रमुख पर्यटन स्थलों का दौरा करेंगी।
शुक्रवार को दिल्ली पहुंचे दंपति ने दिल्ली स्थित स्वामीनारायण अक्षरधाम मंदिर का दौरा किया था। दौरे के बाद की तस्वीरें एक्स अकाउंट पर साझा करते हुए टिफनी ने लिखा, अक्षरधाम का दौरा अभूतपूर्व था।
स्वामीनारायण अक्षरधाम मंदिर ने भी इस यात्रा की पुष्टि करते हुए कहा कि उन्हें टिफनी ट्रंप, माइकल बुलोस और उनके साथ आए मेहमानों की मेजबानी कर सम्मान मिला। मंदिर प्रशासन ने इसे “संस्कृति और विरासत की खोज का सुंदर दिन” बताया।
टिफनी ट्रंप, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की पहली पत्नी मार्ला मैपल्स की इकलौती संतान हैं जबकि माइकल बुलोस एक अमेरिकी-लेबनानी व्यवसायी हैं। दोनों का विवाह 12 नवंबर 2022 को हुआ था।
--आईएएनएस
केआर/
