Aapka Rajasthan

ताहिर हुसैन को लेकर 'आप' का हमला, सौरभ भारद्वाज बोले-दंगों का राजनीतिक फायदा भाजपा को मिला

नई दिल्ली, 31 जुलाई (आईएएनएस)। दिल्ली दंगों के मामले में उम्रकैद की सजा पाए पूर्व पार्षद ताहिर हुसैन को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि ताहिर हुसैन का भाजपा से गहरा संबंध रहा है और दिल्ली दंगों का राजनीतिक लाभ भी भाजपा को ही मिला। उन्होंने दावा किया कि ताहिर हुसैन पर आरोप लगते ही आम आदमी पार्टी ने उसे तत्काल पार्टी से बाहर कर दिया था, जबकि भाजपा गंभीर आरोपों का सामना कर रहे लोगों का लगातार बचाव करती रही है।
 
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि अदालत द्वारा दिल्ली दंगा मामले में दोषियों को सजा सुनाए जाने के बाद भाजपा और उसके समर्थक आम आदमी पार्टी पर सवाल उठा रहे हैं, जबकि पार्टी ने शुरुआत से ही ताहिर हुसैन से दूरी बना ली थी। उन्होंने कहा कि भाजपा इस मुद्दे पर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है। सौरभ भारद्वाज ने भाजपा नेता और दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा पर भी कई गंभीर आरोप लगाए।

उन्होंने दावा किया कि जिस मकान पर दंगों के दौरान हथियार और पत्थर जमा होने के आरोप लगे थे, उसी भवन में पहले कपिल मिश्रा का चुनावी और विधायक कार्यालय संचालित होता था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब उस भवन को अवैध निर्माण के आरोप में गिराने के लिए एमसीडी की टीम पहुंची थी, तब कपिल मिश्रा स्वयं उसे बचाने के लिए मौके पर पहुंचे थे। भारद्वाज ने कहा कि यदि उनकी बातें गलत हैं तो कपिल मिश्रा सार्वजनिक रूप से उनका खंडन करें, आम आदमी पार्टी अपने दावों के समर्थन में सबूत पेश करेगी।

सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि कपिल मिश्रा ने ही ताहिर हुसैन को राजनीति में आगे बढ़ाया और उसे पार्टी में शामिल कराने के साथ-साथ नगर निगम चुनाव में पार्षद का टिकट दिलाने में भी भूमिका निभाई। उनका कहना था कि उस समय स्थानीय नेतृत्व ताहिर हुसैन को टिकट देने के पक्ष में नहीं था, लेकिन इसके बावजूद उसे उम्मीदवार बनाया गया।

उन्होंने वर्ष 2025 के दिल्ली विधानसभा चुनाव का भी उल्लेख करते हुए दावा किया कि मुस्तफाबाद सीट पर भाजपा को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से ताहिर हुसैन को एआईएमआईएम के टिकट पर चुनाव लड़वाया गया ताकि भाजपा विरोधी वोटों का बंटवारा हो सके। भारद्वाज ने आरोप लगाया कि चुनाव प्रचार के दौरान ताहिर हुसैन को विशेष सुविधाएं दी गईं और पुलिस प्रशासन ने भी उसके प्रति नरम रुख अपनाया।

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली में जब-जब सांप्रदायिक तनाव या दंगे हुए, उनका राजनीतिक लाभ भाजपा को मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा गंभीर आरोपों का सामना कर रहे नेताओं और व्यक्तियों का बचाव करती रही है, जबकि आम आदमी पार्टी ने ताहिर हुसैन पर आरोप लगते ही संगठन से उसे निष्कासित कर दिया था।

--आईएएनएस

पीकेटी/पीएम