टी20 सीरीज: इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ दूसरे मैच की प्लेइंग इलेवन में आर्चर और टंग को शामिल किया
मैनचेस्टर, 3 जुलाई (आईएएनएस)। भारत के खिलाफ मैनचेस्टर में खेले जाने वाले दूसरे टी20 मैच के लिए इंग्लैंड ने अपनी प्लेइंग इलेवन का ऐलान कर दिया है। इंग्लैंड टीम में 2 बदलाव किए गए हैं। दोनों ही बदलाव गेंदबाजी विभाग में किए गए हैं। टीम में दिग्गज तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर की वापसी हुई है, जबकि जोश टंग अपना डेब्यू करने जा रहे हैं।
इंग्लैंड ने आर्चर को साकिब महमूद की जगह प्लेइंग इलेवन मौका दिया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के बाद आर्चर सबसे छोटे फॉर्मेट में लौटे हैं। कीवी टीम के खिलाफ 3 टेस्ट मैचों की सीरीज में आर्चर ने 2 टेस्ट खेले थे और 11 विकेट लेकर प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे थे। आर्चर का आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स की तरफ से खेलते हुए भी अच्छा प्रदर्शन रहा था। दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने 16 मैचों में 25 विकेट लिए और लीग के तीसरे सफल गेंदबाज रहे थे। आर्चर के आने से इंग्लैंड की तेज गेंदबाजी और मजबूत होगी।
जोश टंग को बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ल्यूक वुड की जगह टीम में शामिल किया गया है। टंग इस मैच से अपने अंतरराष्ट्रीय टी20 करियर का आगाज करेंगे। 28 साल के टंग इंग्लैंड के लिए 12 टेस्ट खेल चुके हैं।
भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही 5 टी20 मैचों की सीरीज का पहला मैच बारिश की वजह से बिना परिणाम के समाप्त हुआ था। भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 189 रन बनाए थे। इंग्लैंड की पारी में बारिश की वजह से एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी। ऐसे में इंग्लैंड की टीम दूसरे टी20 में मजबूती के साथ उतरना चाहती है।
दूसरा टी20 मैनचेस्टर में शनिवार को भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे से खेला जाएगा।
इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन: फिल सॉल्ट, जोस बटलर, हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, लियाम डॉसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद, जोश टंग।
--आईएएनएस
पीएके
