आयरलैंड के खिलाफ भारत की हार पर जडेजा के कोच महेंद्र चौहान, बोले- टी20 में ऐसे उलटफेर हो जाते हैं
जामनगर, 27 जून (आईएएनएस)। भारतीय टीम को शुक्रवार को पहले टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में आयरलैंड के खिलाफ 34 रनों से हार का सामना करना पड़ा। इंटरनेशनल क्रिकेट में यह पहला मौका रहा, जब आयरलैंड ने भारत के खिलाफ जीत दर्ज की है, हालांकि रवींद्र जडेजा के कोच महेंद्र सिंह चौहान का मानना है कि टी20 में ऐसे उलटफेर हो जाते हैं।
महेंद्र चौहान ने कहा कि इस हार का यह मतलब यह नहीं है कि भारत की टी20 टीम खराब है। 'आईएएनएस' के साथ बातचीत करते हुए उन्होंने कहा,"टी20 गेम ही ऐसा है कि इसमें कुछ कहा नहीं जा सकता। यह काफी तेज फॉर्मेट है। कभी-कभार नई टीम भी अपने प्रदर्शन से चौंका देती है। पहले टी20 में मिली हार से यह साबित नहीं होता है कि भारतीय टीम अच्छी नहीं है। भारत की टीम बहुत अच्छी है और उनके पास दमदार बल्लेबाज, गेंदबाज और फील्डर मौजूद हैं।"
महेंद्र चौहान ने कहा,"टी20 में ऐसा हो जाता है। ऐसे उलटफेर हो जाते हैं। इसके लिए मगर किसी को दोषी नहीं ठहराया जा सकता। इस मुकाबले में भले ही टीम हार गई, लेकिन आगे टीम वापसी करेगी।" उनसे जब पूछा गया कि वह भारतीय टीम को कुछ खास सलाह देना चाहेंगे, तो उन्होंने कहा कि भारत के लिए खेल रहे खिलाड़ियों को वो क्या ही सलाह देंगे। जडेजा के कोच के अनुसार, यह खिलाड़ी हर स्तर और मुश्किल को पार करके ही वहां पहुंचे हैं।
आयरलैंड ने पहले टी20 में बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 182 रन लगाए। टीम की ओर से लॉर्कन टकर ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 36 गेंदों में 50 रनों की दमदार पारी खेली, जबकि गैरेथ डेलानी ने 39 रनों का योगदान दिया। हालांकि,183 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की पूरी टीम 148 रन बनाकर ढेर हो गई। टीम के 7 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा तक पार करने में नाकाम रहे। भारतीय टीम की तरफ से सर्वाधिक 49 रन अभिषेक शर्मा ने बनाए, लेकिन उन्हें बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिल सका।
--आईएएनएस
एसएम/वीसी
