सैयद मोदी इंटरनेशनल: तन्वी शर्मा ने गंवाया गोल्डन चांस, फाइनल में थाईलैंड की सुपानिदा काटेथोंग से मिली शिकस्त
लखनऊ, 29 नवंबर (आईएएनएस)। सैयद मोदी इंटरनेशनल 2026 के फाइनल में, भारत की तन्वी शर्मा को थाईलैंड की चौथी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी सुपानिदा काटेथोंग के हाथों 21-11, 12-21, 15-21 से हार का सामना करना पड़ा। रविवार को 54 मिनट तक मुकाबले में हार के साथ दूसरी वरीयता प्राप्त भारतीय खिलाड़ी विमेंस सिंगल्स का खिताब जीतने से चूक गईं। पहला गेम हारने के बाद शानदार वापसी करते हुए काटेथोंग ने सुपर 300 खिताब अपने नाम किया।
इस हार के साथ तन्वी की अपने खाते में एक और खिताब जोड़ने की उम्मीदें खत्म हो गईं। तन्वी ने इस साल 'ताइपे ओपन' अपने नाम किया था। सेमीफाइनल में हमवतन की उन्नति हुड्डा को मात देकर तन्वी इस साल का अपना दूसरा सुपर 300 फाइनल खेल रही थीं।
फाइनल मुकाबले में तन्वी ने अच्छी शुरुआत करते हुए पहले गेम में इंटरवल तक 11-7 की बढ़त बना ली थी। ब्रेक के बाद भी उन्होंने अपनी बढ़त कायम रखी और 21-11 से गेम जीतकर मैच में आगे हो गईं।
दूसरे गेम में काटेथोंग ने अपने खेल में काफी सुधार किया। शुरुआती प्वाइंट्स के लिए दोनों के बीच कड़ी टक्कर रही और इंटरवल तक काटेथोंग एक प्वाइंट से आगे थीं। इसके बाद उन्होंने लगातार सात प्वाइंट्स जीतकर मैच पर अपना नियंत्रण बना लिया और 21-12 से गेम जीतकर मुकाबला बराबरी पर ला दिया।
निर्णायक गेम की शुरुआत भी काटेथोंग के लिए शानदार रही, जिन्होंने लगातार चार प्वाइंट्स हासिल किए। तन्वी ने धीरे-धीरे वापसी की और खेल का रुख पलटते हुए इंटरवल तक 11-9 की बढ़त बना ली, लेकिन भारतीय खिलाड़ी अंतिम क्षणों में अपनी लय बरकरार नहीं रख सकीं। कुछ लंबे शॉट्स की बदौलत काटेथोंग ने फिर से मैच पर पकड़ बना ली और आसानी से पांच चैंपियनशिप प्वाइंट्स हासिल कर लिए। आखिरी प्वाइंट पर तन्वी का शॉट नेट में जा लगा, जिससे केतेथोंग को जीत और खिताब मिल गया। उन्होंने फाइनल गेम 21-15 से जीतकर शानदार वापसी पूरी की।
इससे पहले, तन्वी ने ऑल-इंडियन सेमीफाइनल में उन्नति को हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की थी। उन्नति को फाइनल में पहुंचने की उम्मीद थी, लेकिन सैयद मोदी इंटरनेशनल में यह तीसरी बार है जब वह सेमीफाइनल से बाहर हो गई हैं।
--आईएएनएस
आरएसजी
