Aapka Rajasthan

स्वतंत्रता दिवस से पहले राजस्थान पुलिस अलर्ट, ड्रग्स और ड्रोन तस्करी पर रखी जा रही नजर: राजीव शर्मा

जयपुर, 14 अगस्त (आईएएनएस)। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर राजस्थान में पुलिस प्रशासन ने कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में राजस्थान के डीजीपी राजीव शर्मा ने अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
 

जयपुर, 14 अगस्त (आईएएनएस)। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर राजस्थान में पुलिस प्रशासन ने कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में राजस्थान के डीजीपी राजीव शर्मा ने अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।

डीजीपी राजीव शर्मा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह लगातार देश से ड्रग्स को खत्म करने की बात कह रहे हैं। इसी भावना के साथ राज्य सरकार और पुलिस भी हर स्तर पर नशे के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि ड्रग्स के खिलाफ लड़ाई में यदि जनता का सहयोग मिलता है तो पुलिस के प्रयास और अधिक मजबूत होंगे। बैठक में विशेष रूप से सीमावर्ती इलाकों में नशे की तस्करी, हथियारों की सप्लाई और ड्रोन गतिविधियों पर निगरानी को लेकर चर्चा की गई।

उन्होंने बताया कि पाकिस्तान से सटे सीमावर्ती क्षेत्रों में नशे की तस्करी और हथियारों की सप्लाई रोकने के लिए स्थानीय नागरिकों को भी अभियान से जोड़ा गया है। श्रीगंगानगर और बीकानेर पुलिस लगातार आम लोगों के संपर्क में है और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने के लिए नागरिकों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच सूचना के आदान-प्रदान से तस्करी पर प्रभावी कार्रवाई में मदद मिल रही है।

डीजीपी ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में पाकिस्तान की ओर से आने वाले ड्रोन के मामलों में भी कमी आई है। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) लगातार निगरानी कर रहा है। इसके अलावा इंटेलिजेंस एजेंसियां, राजस्थान पुलिस और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की टीमें भी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं।

उन्होंने कहा कि सभी एजेंसियों के समन्वित प्रयास और लगातार निगरानी के कारण ड्रोन के जरिए होने वाली तस्करी के मामलों में कमी देखने को मिली है। स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए पुलिस की ओर से संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

--आईएएनएस

एसएके/वीसी