स्वच्छता में नई पहचान बना रहा मध्य प्रदेश: सीएम मोहन यादव
उज्जैन, 17 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि धीरे-धीरे पूरे देश में स्वच्छता का माहौल बना है। मध्य प्रदेश इस मामले में अपनी नई पहचान बना रहा है। धार्मिक नगरी उज्जैन स्थित गीता भवन में आयोजित स्वच्छता मित्र सम्मान समारोह का सीएम मोहन यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर विधिवत शुभारंभ किया।
सीएम मोहन यादव ने कहा कि धीरे-धीरे पूरे देश में स्वच्छता का माहौल बना है। मध्य प्रदेश तो इस मामले में और भी भाग्यशाली है कि 27 पुरस्कारों में से नौ पुरस्कार मध्य प्रदेश को मिले हैं। इससे बड़ी खुशी और गर्व की बात क्या हो सकती है। उन्होंने आगे कहा कि पूरा देश और विशेष रूप से मध्य प्रदेश आज स्वच्छता के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है। यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि जब भी स्वच्छता की चर्चा होती है तो देश के सबसे स्वच्छ प्रदेश के रूप में मध्य प्रदेश का नाम प्रमुखता से लिया जाता है।
स्वच्छता के रूप में विशेष पहचान बन चुके इंदौर की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश की बात हो और इंदौर का नाम न आए, ऐसा हो नहीं सकता। अब तो इंदौर के साथ-साथ उसकी ट्विन सिटी देपालपुर भी स्वच्छता के क्षेत्र में अपनी नई पहचान बना रही है। कभी स्वच्छता के मामले में देपालपुर की रैंकिंग 1700 से भी अधिक थी, लेकिन आज वह एक महत्वपूर्ण स्थान पर पहुंच गया है। यह अपने आप में बहुत बड़ी उपलब्धि है।
वहीं, उज्जैन ने भी 3 लाख से 10 लाख की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में लगातार दूसरी बार यह उपलब्धि हासिल की है। इसका पूरा श्रेय आप सभी को जाता है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की स्वच्छता का डंका पूरे देश में बज रहा है। आपसे बातचीत करने से पहले मुझे ग्वालियर, जबलपुर और उज्जैन जैसे शहरों में स्वच्छता कर्मियों का अभिनंदन करने का अवसर मिला। इन सभी स्थानों पर स्वच्छता कर्मियों का सम्मान करने में आनंद की अनुभूति हुई। साथ ही, इससे मुझे प्रेरणा भी मिलती है कि प्रदेश के अन्य नगर भी स्वच्छता के इस अभियान में आगे बढ़ें और नई उपलब्धियां हासिल करें।
--आईएएनएस
एसएनपी/डीकेपी
