Aapka Rajasthan

सूरत: पासपोर्ट ऑफिस और पोस्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस और बम स्क्वाड की टीम ने की जांच

सूरत, 15 जुलाई (आईएएनएस)। गुजरात के सूरत जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बुधवार को एक बार फिर से पासपोर्ट ऑफिस और पोस्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी मिली। सूचना मिलते ही सूरत पुलिस का काफिला, बम स्क्वाड और डॉग स्क्वाड का दस्ता मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू की है।
 

सूरत, 15 जुलाई (आईएएनएस)। गुजरात के सूरत जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बुधवार को एक बार फिर से पासपोर्ट ऑफिस और पोस्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी मिली। सूचना मिलते ही सूरत पुलिस का काफिला, बम स्क्वाड और डॉग स्क्वाड का दस्ता मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू की है।

दो दिन पहले ही सूरत डिस्ट्रीक्ट कोर्ट में आरडीएक्स होने का ईमेल आया था। अब दो दिन बाद एक बार फिर से पासपोर्ट ऑफिस और पोस्ट ऑफिस में बम को लेकर धमकी भरा ईमेल आया है।

अथवा पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर तेजस गढ़वी ने आईएएनए से बातचीत करते हुए कहा, "पुलिस को एक धमकी भरा मैसेज मिला जिसमें दावा किया गया था कि नानपुरा में पासपोर्ट ऑफिस और पोस्ट ऑफिस में बम रखे गए हैं। तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और बिना किसी घबराहट के पोस्ट ऑफिस से कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।"

इंस्पेक्टर तेजस गढ़वी ने आगे कहा, "बम स्क्वाड की टीम से पोस्ट ऑफिस की पूरी इमारत की चेकिंग कराई गई। चेकिंग के दौरान धमकी से संबंधित कोई ऐसी चीज हम लोगों को नहीं मिली है। यहां शांति है और कोई परेशानी वाली बात नहीं है।" इंस्पेक्टर ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम से हमको इसकी जानकारी मिली थी। इस मामले में पुलिस और बम स्क्वाड की ओर से पूरी चेकिंग कर ली गई है। अब आगे इस मामले में जांच शुरू की जाएगी।

बीते महीने 17 जून को भी गुजरात के जामनगर और वडोदरा महानगरपालिका कार्यालयों को ईमेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, जिसके बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। धमकी मिलने के तुरंत बाद संबंधित नगर निगम भवनों को एहतियातन खाली कराया गया और सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक जांच अभियान शुरू कर दिया था।

एसीपी आरआर अहीर ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा था, "बम की धमकी वाला ईमेल मिलने के बाद सूरत म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के हेडक्वार्टर को खाली करा लिया गया। पुलिस, डॉग स्क्वॉड और बम डिस्पोजल टीमों ने इमारत की अच्छी तरह से तलाशी ली। लेकिन, अभी तक कुछ भी संदिग्ध बरामद नहीं हुआ है।"

--आईएएनएस

एसडी/एएस