सूरत बस हादसे पर पीएम मोदी ने जताया दुख, पीड़ित परिजनों को 2-2 लाख रुपए की सहायता
सूरत, 2 जून (आईएएनएस)। गुजरात के सूरत जिले में हुए भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों को गहरा सदमा दिया है। इस दुर्घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की। वहीं, प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है।
गुजरात के सूरत जिले में बारडोली के निकट मंगलवार को महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम की दो बसों के बीच टक्कर के बाद एक बस पलट गई और उसमें आग लग गई। इस भीषण दुर्घटना में कम से कम पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जारी पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सूरत जिले में हुई दुर्घटना की खबर से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। साथ ही घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
प्रधानमंत्री ने बताया कि दुर्घटनास्थल पर राहत और बचाव अभियान जारी है और स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए तथा घायलों को 50-50 हजार रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
सूरत के पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजेश गढ़िया ने आईएएनएस से बताया कि महाराष्ट्र सरकार की दो सरकारी बसें सूरत और महाराष्ट्र के बीच संचालित हो रही थीं। सूरत से महाराष्ट्र जा रही एक सरकारी बस की पानी के टैंकर से जोरदार टक्कर हो गई। इसके बाद बस डिवाइडर पार कर दूसरी बस से टकराई और पलट गई।
उन्होंने बताया कि दुर्घटना के तुरंत बाद राहत कार्य शुरू किया गया और सभी घायलों को बिना देरी किए विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया। शवों को सूरत के सब-सिविल अस्पताल भेजा गया।
एसपी राजेश गढ़िया ने कहा कि घटना के कारणों की जांच के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें काम कर रही हैं। प्रशासन का कहना है कि हादसे के हर पहलू से जांच की जा रही है ताकि दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
--आईएएनएस
वीकेयू/वीसी
