सूरत एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ जवानों ने बचाई जान, कार्डियक अरेस्ट आए कर्मचारी को दिया सीपीआर
सूरत, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। सूरत इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ के जवानों की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से एक कर्मचारी की जान बच गई। स्टाफ गेट के पास स्ट्रीम हाउस के एक कर्मचारी को अचानक चक्कर आया और वह माइनर कार्डियक अरेस्ट के कारण बेहोश होकर गिर पड़ा।
घटना के समय ड्यूटी पर तैनात सीआईएसएफ के हेड कांस्टेबल जीडी चौधरी, संजय कुमार अंबालाल और अन्य जवानों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। जवानों ने बिना समय गंवाए कर्मचारी को सीपीआर समेत जरूरी मेडिकल मदद दी।
सीआईएसएफ जवानों की तत्परता के कारण पीड़ित की हालत स्थिर हो गई और उसे समय पर मेडिकल देखभाल मिल सकी। सीआईएसएफ ने पूरी घटना का वीडियो अपने आधिकारिक 'एक्स' हैंडल पर शेयर किया है।
वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा, "तेज प्रतिक्रिया। सहानुभूतिपूर्ण सेवा। सूरत इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर, स्टाफ गेट के पास स्टाफ का एक सदस्य अचानक बेहोश हो गया। सतर्क सीआईएसएफ कर्मियों ने तुरंत स्थिति को संभाला, फौरन प्राथमिक उपचार और जरूरी मदद दी, साथ ही समय पर मेडिकल सहायता भी सुनिश्चित की। उनकी समय पर की गई कार्रवाई से पीड़ित व्यक्ति की हालत स्थिर हो गई। यह सीआईएसएफ कर्मियों की सतर्कता, प्रोफेशनलिज्म और मानवीय दृष्टिकोण को दर्शाता है।"
बताया जा रहा है कि एयरपोर्ट सेक्टर में तैनात सीआईएसएफ जवानों को नियमित रूप से मेडिकल इमरजेंसी से निपटने के लिए विशेष ट्रेनिंग दी जाती है। इसमें सीपीआर, फर्स्ट एड और इमरजेंसी रिस्पांस कोर्स शामिल हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में वे प्रभावी ढंग से कार्रवाई कर सकें और लोगों की जान बचा सकें।
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर सीआईएसएफ जवानों की जमकर सराहना हो रही है। लोगों ने कहा कि सुरक्षा के साथ-साथ मानवीय सेवा में भी सीआईएसएफ सबसे आगे है। एयरपोर्ट अधिकारियों ने भी जवानों के इस कार्य की प्रशंसा की है।
--आईएएनएस
एससीएच/एबीएम
