सूरत: 20वें राष्ट्रीय रोजगार मेले में 51 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र, सीआर पाटिल ने बांटे जॉब लेटर
सूरत, 19 सितंबर (आईएएनएस)। सरसाना स्थित एसजीसीसीआई डोम में आयोजित 20वें राष्ट्रीय रोजगार मेले में 51 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने रोजगार मेले में युवाओं को नियुक्ति पत्र बांटे। इस दौरान उन्होंने कहा कि रोजगार मेले के माध्यम से युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरी उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर सीआर पाटिल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रोजगार मेले का आयोजन युवाओं को उनकी योग्यता के आधार पर सरकारी सेवा में अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। अब तक आयोजित रोजगार मेलों के माध्यम से करीब 12.75 लाख युवाओं को नौकरी मिल चुकी है। चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता होने से युवाओं में संतोष की भावना है। आज 51 हजार युवाओं को नई नौकरी मिली है और इससे न केवल चयनित युवाओं बल्कि उनके परिवारों में भी खुशी का माहौल है।
रोजगार मेले के दौरान सीआर पाटिल ने सरकारी कर्मचारियों के सेवानिवृत्त होने के बाद उनकी सेवा अवधि बढ़ाने के मुद्दे पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी के लिए रोजगार के अवसर सुरक्षित रखने के उद्देश्य से सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों की सेवा अवधि बढ़ाने की व्यवस्था का विरोध किया जाना चाहिए। सरकारी सेवाओं में नई पीढ़ी को अवसर मिलना जरूरी है। युवाओं को उनकी योग्यता और क्षमता के आधार पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरकारी स्तर पर प्रयास जारी रहने चाहिए।
रोजगार मेले में आयकर विभाग में ऑफिस सुपरिंटेंडेंट के पद पर चयनित गोरखपुर के मोहम्मद जद ने खुशी जाहिर की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रोजगार मेले के आयोजन से जुड़े सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह देश और जनता के कल्याण के लिए अपनी पूरी ऊर्जा के साथ काम करेंगे।
आयकर विभाग में ऑफिस सुपरिंटेंडेंट के रूप में चयनित जतिन ने कहा कि सरकारी सेवा में नियुक्ति मिलने के साथ उनके ऊपर एक नई जिम्मेदारी भी आई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की ओर से बताए गए 'कर्मयोगी' के विचार के अनुरूप काम करना उनके लिए जिम्मेदारी का विषय है। आयकर विभाग से जुड़कर वह देश की आर्थिक प्रगति में सीधे योगदान देने का प्रयास करेंगे।
आयकर विभाग में ऑफिस सुपरिंटेंडेंट के पद पर चयनित रितिक कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री की ओर से जनसेवा और राष्ट्रहित में काम करने की बात कही गई है और वह इसी भावना के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा के माध्यम से देश और जनता के लिए काम करने का अवसर उनके लिए महत्वपूर्ण है।
वहीं, इसी पद पर चयनित रोहित साहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रोजगार मेले के आयोजन से जुड़े पूरे स्टाफ का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि भारत सरकार के अंतर्गत काम करना उनके लिए गर्व का विषय है। रोहित ने देश की सेवा पूरी ईमानदारी, सत्यनिष्ठा और गरिमा के साथ करने की प्रतिबद्धता जताई।
--आईएएनएस
पीएसके
