Aapka Rajasthan

सुप्रीम कोर्ट सुनता ही नहीं, एसआईआर पर पहले आदेश आ जाता तो ये नौबत नहीं आती: पप्पू यादव

पटना, 17 नवंबर (आईएएनएल)। निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने चुनाव आयोग, सुप्रीम कोर्ट, बिहार की राजनीति और गांधी परिवार से जुड़े मुद्दों पर प्रतिक्रिया दी। कांग्रेस की ओर से चुनाव आयोग से 48 सवाल पूछते हुए सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका पर उन्होंने कहा कि देश के सर्वोच्च न्यायालय को चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सवालों पर संज्ञान लेना चाहिए। वहीं, 'नीतीश सेतु' का नाम बदलकर 'लालू सेतु' करने की मांग को उन्होंने नेताओं के बीच श्रेय लेने की राजनीति बताया। नीतीश कुमार को राष्ट्रीय जनता दल की ओर से दिए गए प्रस्ताव पर भी उन्होंने सवाल उठाए और कहा कि यदि सम्मान की बात है तो निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाया जाना चाहिए। वहीं, राहुल गांधी की ओर से अपने माता-पिता के निजी जीवन को लेकर की गई टिप्पणी पर पप्पू यादव ने इसे प्रेम और निजी संबंधों का मामला बताया।
 

पटना, 17 नवंबर (आईएएनएल)। निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने चुनाव आयोग, सुप्रीम कोर्ट, बिहार की राजनीति और गांधी परिवार से जुड़े मुद्दों पर प्रतिक्रिया दी। कांग्रेस की ओर से चुनाव आयोग से 48 सवाल पूछते हुए सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका पर उन्होंने कहा कि देश के सर्वोच्च न्यायालय को चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सवालों पर संज्ञान लेना चाहिए। वहीं, 'नीतीश सेतु' का नाम बदलकर 'लालू सेतु' करने की मांग को उन्होंने नेताओं के बीच श्रेय लेने की राजनीति बताया। नीतीश कुमार को राष्ट्रीय जनता दल की ओर से दिए गए प्रस्ताव पर भी उन्होंने सवाल उठाए और कहा कि यदि सम्मान की बात है तो निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाया जाना चाहिए। वहीं, राहुल गांधी की ओर से अपने माता-पिता के निजी जीवन को लेकर की गई टिप्पणी पर पप्पू यादव ने इसे प्रेम और निजी संबंधों का मामला बताया।

चुनाव आयोग से 48 सवाल पूछते हुए कांग्रेस की ओर से सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका पर पप्पू यादव ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय आम लोगों की बात नहीं सुनता। उन्होंने कहा कि बार-बार अदालत का दरवाजा खटखटाया जाता है, लेकिन यदि एसआईआर के मुद्दे पर पहले ही कोई आदेश आ गया होता तो आज ऐसी परिस्थिति पैदा नहीं होती। पप्पू यादव ने 2014 के चुनाव का जिक्र करते हुए 53 सीटों पर शून्य नंबरिंग का सवाल उठाया। उन्होंने पूछा कि तीन लाख से सात लाख तक के बीच कोई नंबरिंग क्यों नहीं है। पीयूष गोयल की जीत और नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए 53-54 सीटों पर पूरी तरह घोटाला किया गया। इतने बड़े लोकतंत्र पर हमला हुआ है और संविधान पूरी तरह चरमरा गया है।

उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट को इस मामले में नोटिस लेना चाहिए था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि सदन में विपक्ष को बोलने नहीं दिया जाता, सड़क पर प्रदर्शन करने पर कार्रवाई होती है, सदस्यता छीनी जाती है, एफआईआर दर्ज की जाती है और लोगों को जेल भेज दिया जाता है। ऐसी स्थिति में देश के सामने केवल सर्वोच्च न्यायालय से उम्मीद बचती है। देश के 140 करोड़ लोगों को यह जानने का अधिकार है कि जिस सरकार को उन्होंने चुना है, उसके चुनाव की प्रक्रिया पर उठ रहे सवालों का जवाब क्या है।

'नीतीश सेतु' का नाम बदलकर 'लालू सेतु' करने की मांग पर पप्पू यादव ने कहा कि नीतीश कुमार, लालू प्रसाद यादव या रामविलास पासवान के नाम पर पुल और सड़क रखने से जुड़े विवाद नेताओं की दुकान चलाने वाली राजनीति का हिस्सा हैं। पुल का नाम किस नेता के नाम पर रखा गया, इससे बड़ा सवाल इसके पीछे की मंशा है। उन्होंने भाजपा और नीतीश कुमार के संबंधों को लेकर कहा कि दोनों के बीच लंबे समय से राजनीतिक खींचतान चलती रही है। पहले इंडिया गठबंधन और नीतीश कुमार-कांग्रेस के साथ रहते हुए जिस पुल का शिलान्यास हुआ, अब उसी का श्रेय लेने की कोशिश की जा रही है। यदि पुल का नाम नीतीश कुमार के नाम पर रखा गया है तो सभी को इसका स्वागत करना चाहिए, लेकिन इसके पीछे की राजनीति पर भी बात होनी चाहिए।

पप्पू यादव ने सवाल उठाया कि जब भाजपा नीतीश कुमार का सम्मान करना चाहती थी तो उन्हें तीन महीने पहले मुख्यमंत्री क्यों बनाया गया और फिर तीन महीने बाद क्यों हटा दिया गया? उन्होंने कहा कि कभी डीएनए के मुद्दे पर नीतीश कुमार को निशाना बनाया गया तो कभी राजनीतिक गठबंधन में बदलाव हुआ। सदन में महिलाओं से जुड़े मुद्दे पर उठे सवालों का भी उन्होंने उल्लेख किया और कहा कि नीतीश कुमार तथा भाजपा के बीच स्वार्थ के मुद्दों पर सहमति नहीं रही।

नीतीश कुमार को आरजेडी की ओर से दिए गए प्रस्ताव पर पप्पू यादव ने कहा कि यदि वास्तव में सम्मान देना है तो निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाया जाना चाहिए। फूल या पुल के नाम को लेकर विवाद करने के बजाय जनता को यह बताया जाना चाहिए कि नीतीश कुमार को इतनी जल्दी पद से हटाने की क्या मजबूरी थी। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार को पहले भी प्रधानमंत्री मिलने का अवसर था। जब इंडिया गठबंधन के संयोजक के रूप में नीतीश कुमार का नाम सामने आया था, तब लालू प्रसाद यादव के पुत्र के ममता बनर्जी से मिलने के बाद परिस्थितियां बदल गईं। उस समय नीतीश कुमार प्रधानमंत्री बन सकते थे। अब यदि फिर उन्हें या उनके परिवार को लेकर प्रस्ताव दिया जा रहा है तो निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाने की बात का स्वागत किया जाना चाहिए।

राहुल गांधी की ओर से अपनी मां सोनिया गांधी के पिता राजीव गांधी की गोद में बैठकर भोजन करने संबंधी टिप्पणी पर पप्पू यादव ने सवाल उठाया कि किसी के निजी जीवन से दूसरों को क्या लेना-देना है। उन्होंने कहा कि प्रेम एक पवित्र भावना है और इसे निजी नजरिये से ही देखा जाना चाहिए। पप्पू यादव ने भारतीय परंपरा और संस्कृति का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रेम का महत्व हर काल में रहा है। उन्होंने कृष्ण, राम, द्रौपदी और मीरा के प्रसंगों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रेम भारतीय परंपरा की ताकत रहा है।

उन्होंने कहा कि घर के भीतर कोई अपनी पत्नी को गोद में बैठाकर खाना खिलाता है या मुंह में निवाला देता है, तो यह पति-पत्नी का निजी मामला है। इस पर सार्वजनिक बहस का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने सवाल किया कि क्या पति-पत्नी के बीच इस तरह के स्नेह को लेकर किसी को टिप्पणी करनी चाहिए।

--आईएएनएस

पीएसके