Aapka Rajasthan

सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी के बाद यमुना प्रदूषण पर सौरभ भारद्वाज ने सरकार को घेरा

नई दिल्ली, 17 नवंबर (आईएएनएस)। यमुना नदी के बढ़ते प्रदूषण को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली सरकार और जल विभाग के मंत्री प्रवेश वर्मा पर निशाना साधा। पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने सुप्रीम कोर्ट की हालिया टिप्पणी का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि सरकार के यमुना को 60 प्रतिशत तक साफ करने के दावे पूरी तरह खोखले साबित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपए खर्च करने के बावजूद यमुना की स्थिति सुधरने के बजाय और खराब हो गई है। सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी ने सरकार के दावों की वास्तविकता सामने ला दी है।
 

नई दिल्ली, 17 नवंबर (आईएएनएस)। यमुना नदी के बढ़ते प्रदूषण को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली सरकार और जल विभाग के मंत्री प्रवेश वर्मा पर निशाना साधा। पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने सुप्रीम कोर्ट की हालिया टिप्पणी का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि सरकार के यमुना को 60 प्रतिशत तक साफ करने के दावे पूरी तरह खोखले साबित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपए खर्च करने के बावजूद यमुना की स्थिति सुधरने के बजाय और खराब हो गई है। सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी ने सरकार के दावों की वास्तविकता सामने ला दी है।

सौरभ भारद्वाज ने मंगलवार को कहा कि पिछले एक सप्ताह से मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, मंत्री प्रवेश वर्मा और भाजपा के अन्य नेता लगातार दावा कर रहे थे कि उनकी सरकार ने यमुना को 60 प्रतिशत तक साफ कर दिया है। इस दावे को प्रचारित करने के लिए सोशल मीडिया पर इन्फ्लुएंसर्स के माध्यम से वीडियो और रीलें भी बनवाई गईं, लेकिन जमीनी तस्वीर इन दावों से बिल्कुल अलग है। यमुना में प्रदूषण के कारण हजारों मछलियों के मरने की घटना सामने आई और छठ महापर्व के दौरान नदी में जहरीले झाग की मोटी परत दिखाई दी। इसके बावजूद सरकार और उसके समर्थक यमुना साफ होने का प्रचार करते रहे।

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि अब सुप्रीम कोर्ट ने भी यमुना प्रदूषण पर गंभीर टिप्पणी की है। उन्होंने दावा किया कि अदालत में सामने आई रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली का कोई भी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) निर्धारित मानकों के अनुरूप काम नहीं कर रहा है। यमुना में प्रदूषण का सबसे बड़ा कारण सीवेज वेस्ट है, जिसे एसटीपी के माध्यम से उपचारित करके नदी में जाने से रोका जा सकता है। ऐसे में जब एसटीपी ही निर्धारित मानकों पर काम नहीं कर रहे हैं तो यमुना की सफाई के दावों पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

उन्होंने सवाल उठाया कि जब एसटीपी से संबंधित विभाग मंत्री प्रवेश वर्मा के पास है तो उनकी जवाबदेही क्यों नहीं तय होनी चाहिए? मंत्री को दिल्ली की जनता को बताना चाहिए कि राजधानी के एसटीपी निर्धारित मानकों के अनुसार काम क्यों नहीं कर रहे हैं। उन्होंने यह भी पूछा कि सरकार ने यमुना को 60 प्रतिशत साफ करने का दावा किस आधार पर किया था और इसके समर्थन में कौन से वैज्ञानिक आंकड़े उपलब्ध हैं।

आप प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यमुना में हजारों मछलियों की मौत के बाद मंत्री प्रवेश वर्मा ने आरोप लगाया था कि उन्होंने बाजार से मरी हुई मछलियां खरीदकर नदी में डलवाई हैं। इस आरोप के जवाब में उन्होंने नदी के पानी और मृत मछलियों की वैज्ञानिक जांच कराने की मांग की थी, लेकिन पिछले पांच दिनों से मंत्री इस मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए थे। इस दौरान यमुना में जहरीला झाग भी दिखाई देता रहा। उन्होंने सवाल किया कि अब तक मृत मछलियों की जांच क्यों नहीं कराई गई और पानी की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक क्यों नहीं की गई?

सौरभ भारद्वाज ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले एक सप्ताह से इन्फ्लुएंसर्स की पूरी फौज यमुना साफ होने का प्रचार कर रही थी। यदि उन्हें सरकार की ओर से गलत जानकारी दी गई थी तो अब उन्हें अपनी गलती स्वीकार करनी चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि इन्फ्लुएंसर्स को अब एक और वीडियो बनाकर जनता को बताना चाहिए कि यमुना में प्रदूषण बढ़ गया है, मछलियां मरी हैं और नदी में झाग दिखाई दे रहा है। सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी के बाद उन्हें वास्तविक स्थिति पर वीडियो बनाकर देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

भारद्वाज ने आरोप लगाया कि यमुना प्रदूषण के मुद्दे पर लगातार सवालों का सामना कर रहे प्रवेश वर्मा अब जनता का ध्यान भटकाने के लिए 6, फ्लैगस्टाफ रोड स्थित पूर्व मुख्यमंत्री के आवास का मुद्दा उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों में यमुना की सफाई को लेकर सरकार की काफी किरकिरी हुई है। ऐसे में मंत्री मुख्य मुद्दे से ध्यान हटाने के लिए दूसरे विषयों को सामने ला रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को इधर-उधर की बातें करने के बजाय यमुना की सफाई और अपने विभाग के कामकाज पर जवाब देना चाहिए। जनता जानना चाहती है कि करोड़ों रुपए खर्च करने के बाद भी नदी की स्थिति खराब क्यों हो रही है।

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि अब तक यमुना में प्रदूषण और जहरीले झाग को लेकर आम लोग सवाल उठा रहे थे, लेकिन सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी के बाद सरकार के दावों पर और गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आम आदमी पार्टी इस मुद्दे पर सरकार को जवाबदेही से बचने नहीं देगी। उन्होंने मांग की कि प्रवेश वर्मा बताएं कि यमुना में मछलियों की मौत कैसे हुई, मृत मछलियों की वैज्ञानिक जांच अब तक क्यों नहीं कराई गई और नदी के पानी की जांच रिपोर्ट जनता के सामने क्यों नहीं रखी गई। उन्होंने कहा कि यमुना की सफाई के दावों के बजाय सरकार को अब प्रदूषण रोकने के लिए किए गए वास्तविक कामों का हिसाब देना चाहिए।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी