Aapka Rajasthan

सुप्रीम कोर्ट के जज बने मुजफ्फरपुर के एस. चंद्रशेखर, पैतृक गांव में जश्न, बांटी मिठाइयां

मुजफ्फरपुर, 2 जून (आईएएनएस)। बिहार की माटी ने एक बार फिर देश के शीर्ष पायदान पर अपनी मेधा का परचम लहराया है। मुंबई हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस रहे एस. चंद्रशेखर ने मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट के जज के रूप में शपथ ली। जस्टिस एस. चंद्रशेखर के शपथ लेने के बाद उनके पैतृक गांव बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के चैनपुर में खुशी और उत्साह का ठिकाना नहीं रहा। पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल बन गया है और लोग इसे अपने क्षेत्र के लिए एक बड़ा ऐतिहासिक दिन मान रहे हैं।
 
जस्टिस चंद्रशेखर का परिवार अभी गांव से बाहर रहता है, लेकिन स्थानीय लोगों के मुताबिक गांव की मिट्टी से उनका जुड़ाव आज भी उतना ही गहरा है। जैसे ही ग्रामीणों को उनके सुप्रीम कोर्ट में जज बनने की सूचना मिली, गांव के शुभचिंतक, मित्र और रिश्तेदार मंगलवार को एक जगह एकत्रित हो गए। सबने एक-दूसरे को गले लगाकर और बधाई देकर इस पल को सेलिब्रेट किया। इस हर्षोल्लास के मौके पर गांव में मौजूद जस्टिस चंद्रशेखर के चाचा युगल किशोर सिंह बेहद भावुक और गौरवान्वित नजर आए।

गांव के लोगों का कहना है कि जस्टिस चंद्रशेखर ने अपनी ईमानदारी और लगन से आज यह मुकाम हासिल किया है, जिससे पूरे मुजफ्फरपुर का नाम देश भर में रोशन हुआ है। जस्टिस चंद्रशेखर के प्रति ग्रामीणों और रिश्तेदारों का गहरा लगाव इस बात से साफ झलकता है कि इस बड़ी खुशखबरी के बाद उनके पैतृक घर के ठीक सामने स्थित मंदिर में एक भव्य और विधिवत पूजन-हवन का आयोजन किया गया।

गांव के पुरोहितों और बुजुर्गों ने बैठकर मंत्रोच्चार के साथ हवन किया और जस्टिस चंद्रशेखर के उज्ज्वल भविष्य तथा दीर्घायु होने की कामना की। पूजा संपन्न होने के बाद पूरे गांव में बड़े पैमाने पर मिठाइयां बांटी गईं। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर कोई इस जश्न में शरीक हुआ। इस हर्षोल्लास के मौके पर गांव में मौजूद जस्टिस चंद्रशेखर के परिवार के सदस्य जो यहां रहते हैं, वे बेहद भावुक और गौरवान्वित नजर आए।

उन्होंने ग्रामीणों के साथ मिलकर इस जश्न की अगुवाई की और बधाई देने आ रहे लोगों का मुंह मीठा कराया। गांव के बुजुर्गों ने याद किया कि जस्टिस एस. चंद्रशेखर के पिता श्याम किशोर एक बेहद सम्मानित और कर्तव्यनिष्ठ सेवानिवृत्त अभियंता हैं। उन्होंने अपने बच्चों को हमेशा उच्च संस्कार और शिक्षा की प्रेरणा दी। यही कारण है कि आज उनके पुत्र ने न्यायपालिका के सर्वोच्च शिखर पर पहुंचकर पूरे परिवार और गांव का मान बढ़ाया है।

चैनपुर गांव के निवासियों का कहना है कि हमारे गांव का बेटा अब देश की सबसे बड़ी अदालत में न्याय की कुर्सी पर बैठेगा, इससे बड़ा सौभाग्य हमारे लिए और क्या हो सकता है। इस दौरान मुकेश कुमार सिंह, निरंजन कुमार सिंह, विजय कुमार सिंह, रामबाबू सिंह, सोनू प्रताप सिंह, अनिल साह, मच्छु पासवान आदि मौजूद रहे।

--आईएएनएस

एमएनपी/एसके