सुनील शेट्टी ने बेटी अथिया को किया बर्थडे विश, बोले-तुम मेरे लिए वही छोटी बच्ची रहोगी
मुंबई, 5 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेता सुनील शेट्टी ने गुरुवार को अपनी बेटी और अभिनेत्री अथिया शेट्टी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी। अभिनेता का कहना है कि उनकी बेटी अथिया चाहे कितनी भी बड़ी क्यों न हो जाएं, वो हमेशा उनके लिए वही छोटी-सी बच्ची रहेंगी।
अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर अथिया के बचपन की दो तस्वीरें पोस्ट कीं और उनके लिए नोट भी लिखा। अभिनेता सुनील शेट्टी ने लिखा, "अथिया, आप चाहे कितनी भी बड़ी क्यों न हो जाएं, लेकिन मैं आपको हमेशा वही छोटी-सी बच्ची के रूप देखता हूं, जिसे मैं कभी मना नहीं कर पाया और अब आपको अपनी एक छोटी-सी दुनिया बनाते देखकर मुझे एहसास होता है कि कुछ चीजें कभी नहीं बदलतीं। हैप्पी बर्थडे मेरी बच्ची। मैं तुम्हें शब्दों से ज्यादा प्यार करता हूं, अथिया शेट्टी।"
अभिनेता सुनील शेट्टी की लाडली अथिया शेट्टी ने अपने करियर में चुनिंदा हिंदी फिल्मों में काम किया है। उन्होंने निखिल आडवाणी द्वारा निर्देशित और सलमान खान द्वारा निर्मित फिल्म 'हीरो' से बॉलीवुड में अभिनय की शुरुआत की, जो को-प्रोड्यूसर सुभाष घई की 1983 की इसी नाम की क्लासिक फिल्म का रीमेक थी।
इस फिल्म के लिए उन्हें फिल्मफेयर और स्टारडस्ट पुरस्कारों में बेस्ट फीमेल डेब्यू के लिए नामांकन मिला। 2 साल के ब्रेक के बाद वो अनीस बज्मी की रोमांटिक कॉमेडी 'मुबारकां' में नजर आईं, जिसमें अनिल कपूर, अर्जुन कपूर और इलियाना डिक्रूज भी थे।
इसके बाद वो 2018 में फिल्म 'नवाबजादे' के गाने 'तेरे नाल नचना' में नजर आईं, जिसे बादशाह ने कंपोज, लिखा और गाया था और इसमें नई सिंगर सुनंदा शर्मा भी थीं। साल 2019 में अथिया को देबामित्र बिस्वाल की कॉमेडी ड्रामा 'मोतीचूर चकनाचूर' में अनीता 'अनी' अवस्थी के रोल में कास्ट किया गया। इसमें वो एक ऐसी लड़की बनी थीं जो एनआरआई से शादी करके विदेश में बसना चाहती है। फिल्म में उनके साथ नवाजुद्दीन सिद्दीकी थे।
अब अभिनेत्री अथिया शेट्टी अभिनय की दुनिया से दूर अपनी निजी जिंदगी और मातृत्व पर ध्यान दे रही हैं। कई साल तक डेटिंग के बाद अभिनेत्री ने क्रिकेटर केएल राहुल के साथ साल 2023 में शादी की। दोनों की पहली मुलाकात जनवरी 2019 में एक म्यूचुअल फ्रेंड के जरिए हुई थी और दोनों के बीच तुरंत अच्छी बॉन्डिंग हो गई।
--आईएएनएस
एनएस/पीएम
