सूखाग्रस्त किसानों को केंद्र की मदद से मिल सकती है दोगुनी राहत: मंत्री संजय शिरसाट
छत्रपति संभाजीनगर, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री संजय शिरसाट ने कहा कि सूखे से जूझ रहे किसानों को राहत देने के लिए केंद्र सरकार का सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है। राज्य सरकार की मांग पर केंद्र की टीम महाराष्ट्र में सूखे की स्थिति का जायजा लेने पहुंची है। उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र से अतिरिक्त सहायता मिलने पर किसानों को मौजूदा मदद से दोगुनी राहत मिल सकती है। इसके अलावा, उन्होंने चुनाव आयोग पर विपक्ष के आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताया और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा।
संजय शिरसाट ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार अपने स्तर पर सूखाग्रस्त किसानों की सहायता कर रही है, लेकिन मौजूदा संकट को देखते हुए केंद्र सरकार की मदद भी जरूरी है। सूखे के कारण किसान गंभीर परेशानियों का सामना कर रहे हैं। कुछ किसान आत्महत्या करने की कगार पर पहुंच गए हैं। किसानों को संकट से बाहर निकालने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों के बीच सहयोग आवश्यक है। उन्होंने केंद्रीय टीम के महाराष्ट्र दौरे को किसानों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए उम्मीद जताई कि इससे राहत मिलने का रास्ता साफ होगा।
चुनाव आयोग के कामकाज को लेकर विपक्ष की ओर से लगाए जा रहे आरोपों पर शिरसाट ने कहा कि चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है और उसे अपने स्तर पर निर्णय लेने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि यदि आयोग के कामकाज में कोई गलती या धांधली सामने आती है, तो आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। वहीं, उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि वह इस मुद्दे को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करके राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रहा है। सरकार इस पूरे मामले पर नजर रख रही है और कामकाज उचित तरीके से हो रहा है।
दिल्ली में सीजेपी के प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए कुछ समय के लिए शराब की दुकानें बंद रखने के फैसले का संजय शिरसाट ने समर्थन किया। उन्होंने कहा कि यदि किसी आंदोलन के दौरान शराब पीकर कोई व्यक्ति गड़बड़ी करता है या ऐसी स्थिति बनती है, जिसमें किसी की जान को खतरा हो सकता है, तो एहतियात के तौर पर दो दिन के लिए शराब की दुकानें बंद रखना गलत नहीं है। इस तरह का कदम संभावित अप्रिय घटनाओं को रोकने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया जा सकता है।
विपक्षी दलों के राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात करने के कार्यक्रम पर शिरसाट ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष को राष्ट्रपति से मिलने और अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है। हालांकि, उन्होंने विपक्ष पर लगातार विरोध की राजनीति करने का आरोप लगाया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की आलोचना करते हुए शिरसाट ने आरोप लगाया कि वह कई बार देश और विदेश में भारत को बदनाम करने का काम कर चुके हैं। उन्होंने राहुल गांधी के रुख पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनकी गतिविधियां लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने की कोशिशों से जुड़ी हैं।
--आईएएनएस
पीएसके
