सुब्रतो कप: 18 अगस्त से 24 सितंबर के बीच प्रतियोगिता, 107 टीमें तीन कैटेगरी में लेंगी हिस्सा
नई दिल्ली, 12 अगस्त (आईएएनएस)। प्रतिष्ठित सुब्रतो कप इंटरनेशनल फुटबॉल टूर्नामेंट का 65वां संस्करण 18 अगस्त से 24 सितंबर के बीच नई दिल्ली-एनसीआर और बेंगलुरु में आयोजित होगा। इसकी आधिकारिक घोषणा बुधवार को एयर मार्शल एस. शिवकुमार वीएसएम की मौजूदगी में की गई। प्रतियोगिता में 107 टीमें तीन कैटेगरी में टॉप सम्मान के लिए जूनियर गर्ल्स (अंडर-17), सब-जूनियर बॉयज (अंडर-15) और जूनियर बॉयज (अंडर-17) की टीमें मुकाबला करेंगी।
एस. शिवकुमार एयर ऑफिसर-इन-चार्ज एडमिनिस्ट्रेशन और सुब्रतो मुखर्जी स्पोर्ट्स एजुकेशन सोसाइटी (एसएमएसईएस) के उपाध्यक्ष हैं। इस मौके पर मशहूर भारतीय फुटबॉलर आशालता देवी लोइतोंगबम भी गेस्ट ऑफ ऑनर के तौर पर मौजूद रहीं।
इस मौके पर एयर मार्शल एस. शिवकुमार ने कहा, "भारतीय वायु सेना और एसएमएसईएस हर साल इस टूर्नामेंट को और बड़ा और बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं, ताकि युवा एथलीट्स को अपने करियर में आगे बढ़ने का मंच मिल सके।" शिवकुमार ने सभी क्वालीफाई करने वाली टीमों को बधाई दी, उन्हें सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं और प्रतिभागियों को खेल भावना के साथ खेलने के लिए प्रोत्साहित किया।"
टूर्नामेंट की शुरुआत 18 अगस्त को नई दिल्ली एनसीआर में जूनियर गर्ल्स (अंडर-17) कैटेगरी के साथ होगी। इसके बाद बेंगलुरु में 1 सितंबर से सब-जूनियर बॉयज (अंडर-15) कैटेगरी के मुकाबले होंगे। आखिर में, 15 सितंबर से नई दिल्ली एनसीआर में जूनियर बॉयज (अंडर-17) कैटेगरी का अंतिम चरण खेला जाएगा।
इस प्रतियोगिता में भारत के अलग-अलग राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और शैक्षणिक संस्थाओं की 107 टीमें हिस्सा लेंगी, जिसके साथ श्रीलंका से भी अंतरराष्ट्रीय भागीदारी होगी। तीनों कैटेगरी में 215 से ज्यादा फुटबॉल मैच खेले जाएंगे।
नई दिल्ली-एनसीआर के मुकाबले अंबेडकर स्टेडियम, तेजस फुटबॉल ग्राउंड, सुब्रतो पार्क फुटबॉल ग्राउंड, पिंटो पार्क फुटबॉल ग्राउंड और राजोकरी फुटबॉल ग्राउंड में खेले जाएंगे, जबकि बेंगलुरु के मैच एयर फोर्स स्कूल (जलाहल्ली), एयर फोर्स स्कूल (येलाहंका) और सुब्रतो फुटबॉल ग्राउंड (जलाहल्ली) में आयोजित होंगे।
जूनियर गर्ल्स (अंडर-17) के मुकाबले 18 अगस्त – 27 अगस्त के बीच खेले जाएंगे, जबकि सब-जूनियर बॉयज (अंडर-15) के मैच 1 से 9 सितंबर के बीच आयोजित होंगे। जूनियर बॉयज (अंडर-17) मैच 15 से 24 सितंबर के बीच खेले जाने हैं।
--आईएएनएस
आरएसजी
