स्ट्रेस फ्रैक्चर की वजह से विंबलडन 2026 से हटीं एम्मा राडुकानू
नई दिल्ली, 29 जून (आईएएनएस)। ब्रिटेन की नंबर एक खिलाड़ी एम्मा राडुकानू को अपने निचले पैर में स्ट्रेस फ्रैक्चर की वजह से विंबलडन से हटना पड़ा है। राडुकानू ने क्रोएशिया की एंटोनिया रूजिक के खिलाफ अपने पहले राउंड के मैच से 12 घंटे पहले हटने की घोषणा की।
इस महीने की शुरुआत में क्वीन्स चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने के बाद से ही वह अपने निचले पैर में एक हल्की चोट से जूझ रही थीं। यह इस साल डब्ल्यूटीए टूर पर उनका दूसरा फाइनल था। सोशल मीडिया पर विंबलडन से हटने की पुष्टि करते हुए पोस्ट किए गए एक बयान में 23 साल की खिलाड़ी ने कहा कि उन्हें सलाह दी गई है कि वह टूर्नामेंट में आगे न बढ़ें, क्योंकि यह छोटी-मोटी चोट स्ट्रेस फ्रैक्चर में बदल गई है।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'इंस्टाग्राम' के स्टोरी सेक्शन पर अपने अकाउंट से पोस्ट करते हुए लिखा, "मुझे यकीन नहीं हो रहा कि मैं यह कह रही हूं, लेकिन दुख की बात है कि मुझे इस साल के विंबलडन से हटना पड़ रहा है। मैंने स्टार्ट लाइन तक पहुंचने की पूरी कोशिश की, लेकिन आज रात फाइनल स्कैन के बाद जिस छोटी सी चोट को मैं मैनेज कर रही थी, वह स्ट्रेस फ्रैक्चर में बदल गई है और मुझे मेडिकली सलाह दी गई है कि मैं इस चोट के साथ न खेलूं। विंबलडन में, घरेलू दर्शकों के सामने खेलना मेरे लिए सब कुछ है, इसलिए इसे समझना वाकई मुश्किल है।"
2021 यूएस ओपन चैंपियन एम्मा राडुकानू की विंबलडन में खेलने को लेकर पिछले हफ्ते से ही सवाल उठने लगे थे। बुधवार को उन्हें पैर की सुरक्षा के लिए 'प्रोटेक्टिव बूट' पहने देखा गया, जिससे उनकी चोट को लेकर चिंता बढ़ गई थी। शनिवार को उन्होंने अपनी फिटनेस जांचने के लिए कोर्ट पर अभ्यास किया। इस दौरान उनके दाहिने पैर के निचले हिस्से पर स्ट्रैपिंग (पट्टी) बंधी हुई थी। उन्होंने अपनी टीम के साथ कुछ देर अभ्यास भी किया, लेकिन बाद में रूसी खिलाड़ी एना कालिंस्काया के साथ चल रहा प्रैक्टिस सेशन बीच में ही छोड़ दिया। इन घटनाओं से साफ हो गया था कि राडुकानू पूरी तरह फिट नहीं हैं।
स्ट्रेस फ्रैक्चर इस सीजन में एम्मा राडुकानू की लगातार बढ़ती चोटों की सूची में नई समस्या है। इससे पहले भी वह पूरे सीजन के दौरान फिटनेस से जुड़ी कई परेशानियों का सामना कर चुकी हैं। ऑफ-सीजन के दौरान उनके पैर में एक और चोट लग गई थी, जिसकी वजह से वह ठीक से अभ्यास नहीं कर सकीं। इसके बाद फरवरी में वह लंबे समय तक वायरल संक्रमण से भी परेशान रहीं। बीमारी और फिटनेस संबंधी दिक्कतों के कारण राडुकानू मियामी, मैड्रिड और रोम में खेले गए डब्ल्यूटीए 1000 टूर्नामेंट में भी हिस्सा नहीं ले सकीं। बाद में उन्होंने बताया कि क्ले-कोर्ट सीजन खत्म होने के बाद से ही उनके पैर में लगातार दर्द बना हुआ था।
--आईएएनएस
एसएम/एएस
