Aapka Rajasthan

एसटीपीआई ने बरेली में 75वें सेंटर का किया उद्घाटन, स्टार्टअप और प्रौद्योगिकी आधारित उद्यमिता को देगा बढ़ावा

नई दिल्ली, 27 नवंबर (आईएएनएस)। सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (एसटीपीआई), इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (एमईआईटीवाई) के अंतर्गत एक प्रमुख विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संगठन ने उत्तर प्रदेश के बरेली में अपने केंद्र का उद्घाटन किया। इस केंद्र का उद्घाटन इलेक्ट्रॉनिक और सूचना प्रौद्योगिकी तथा वाणिज्य एवं उद्योग राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने किया।
 

नई दिल्ली, 27 नवंबर (आईएएनएस)। सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (एसटीपीआई), इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (एमईआईटीवाई) के अंतर्गत एक प्रमुख विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संगठन ने उत्तर प्रदेश के बरेली में अपने केंद्र का उद्घाटन किया। इस केंद्र का उद्घाटन इलेक्ट्रॉनिक और सूचना प्रौद्योगिकी तथा वाणिज्य एवं उद्योग राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने किया।

इस केंद्र का उद्घाटन एसटीपीआई के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इसके साथ ही बरेली देश में एसटीपीआई का 75वां केंद्र बन गया है। एसटीपीआई के 75 केंद्रों में से 67 केंद्र टियर-2 और टियर-3 शहरों में स्थित हैं।

इस मौके पर केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि एसटीपीआई के बरेली केंद्र का उद्घाटन न केवल बरेली बल्कि पूरे रुहेलखंड क्षेत्र विशेषकर पीलीभीत, शाहजहांपुर और बदायूं के युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात है। अब उन्हें आईटी, स्टार्टअप, इन्क्यूबेशन, नवाचार और अनुसंधान के अवसरों के लिए मुंबई, नोएडा और हैदराबाद जैसे बड़े केंद्रों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा। इसके बजाय उन्हें अपने क्षेत्र में ही विश्वस्तरीय तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे वे आने वाली पीढ़ियों का भविष्य संवारने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन में भी योगदान दे सकेंगे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दूरदर्शी नेतृत्व तथा दीर्घकालिक नीतियों के तहत केंद्र और राज्य के बीच समन्वय विकास को गति दे रहा है। व्यापार और प्रौद्योगिकी भारत की प्रगति के दो प्रमुख आधार हैं। एक करोड़ युवाओं को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) में प्रशिक्षित करने, विदेशी निर्भरता कम करने और कोविड-19 महामारी जैसी बाधाओं के बाद आपूर्ति श्रृंखला को अधिक मजबूत बनाने के लिए सेमीकंडक्टर चिप निर्माण एवं पैकेजिंग इकोसिस्टम विकसित करने, डेटा सेंटर और सॉफ्टवेयर निर्यात का विस्तार करने तथा आत्मनिर्भर भारत को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता देश की तकनीकी आत्मनिर्भरता को गति दे रही है और युवाओं के लिए नए अवसर पैदा कर रही है।

उन्होंने कहा कि आईटी क्षेत्र में भारत आज दुनिया की प्रतिभाओं की राजधानी के रूप में उभरा है। इसका आधार युवाओं का तकनीकी कौशल और डिजाइन क्षमताएं हैं। एसटीपीआई के माध्यम से निशुल्क तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ कौशल विकास और सहायता प्रदान करने से यह सुनिश्चित होगा कि आर्थिक संसाधनों की कमी किसी भी प्रतिभा या उद्यम के विकास में बाधा न बने।

उन्होंने कहा कि स्थानीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई), आईटी उद्योग, वाणिज्य मंडल और उद्यमी जब इस केंद्र का पूरी क्षमता से उपयोग करेंगे, तो हम यहां अतिरिक्त भवनों और तकनीकी सुविधाओं का विस्तार करेंगे। डिजिटल इंडिया के तहत सामान्य सेवा केंद्र (सीएससी) भी ग्रामीण क्षेत्रों में आधार, बैंकिंग, बिजली बिल भुगतान और अन्य नागरिक सेवाओं तक पहुंच का विस्तार कर रहे हैं।

--आईएएनएस

एसके/पीएम