शेयर बाजार मजबूत वैश्विक संकेतों से हरे निशान में खुला, बैंकिंग स्टॉक्स में खरीदारी
मुंबई, 27 अगस्त (आईएएनएस)। मजबूत वैश्विक संकेतों से भारतीय शेयर बाजार गुरुवार को हरे निशान में खुला। सेंसेक्स 103.82 अंक या 0.13 प्रतिशत की मजबूती के साथ 77,576.76 और निफ्टी 69.85 अंक या 0.29 प्रतिशत की तेजी के साथ 24,277.60 पर था।
शुरुआती कारोबार में बाजार की तेजी को सहारा बैंकिंग स्टॉक्स ने दिया। सूचकांकों में निफ्टी पीएसयू बैंक और निफ्टी मेटल टॉप गेनर्स थे।
इसके अलावा, निफ्टी इन्फ्रा, निफ्टी एनर्जी,निफ्टी इंडिया डिफेंस, निफ्टी पीएसई, निफ्टी हेल्थकेयर और निफ्टी कमोडिटीज के साथ करीब सभी सूचकांक हरे निशान में थे।
लार्जकैप के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप में भी तेजी के साथ कारोबार हो रहा था। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 265.50 अंक या 0.41 प्रतिशत की तेजी के साथ 64,335.20 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 61.65 अंक या 0.31 प्रतिशत की बढ़त के साथ 20,123.05 पर था।
सेंसेक्स पैक में बजाज फाइनेंस, कोटक महिंद्रा बैंक, टेक महिंद्रा, बजाज फिनसर्व, आईसीआईसीआई बैंक, सन फार्मा, बीईएल, एशियन पेंट्स, ट्रेंट, इन्फोसिस, ट्रेंट , टीसीएस, एमएंडएम और एलएंडटी गेनर्स थे। एचडीएफसी बैंक, पावर ग्रिड, एनटीपीसी, एचयूएल, एसबीआई, एचसीएल टेक, भारती एयरटेल और अल्ट्राटेक सीमेंट लूजर्स थे।
जानकारों के मुताबिक, भू-राजनीतिक तनाव का असर बाजार पर बना हुआ है। अमेरिका-ईरान तनाव के अलावा, रूस-यूक्रेन संघर्ष के फिर से बढ़ने की खबरें भी आ रही हैं। गेहूं की कीमतें तेजी से बढ़ी हैं और इसका असर महंगाई और आगे चलकर ब्याज दरों पर पड़ेगा। भले ही अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में थोड़ी नरमी आई है, लेकिन वे अभी भी काफी ऊंचे स्तर पर हैं। इससे बाजार में मजबूती पर रोक लगेगी।”
ज्यादातर एशियाई बाजारों में तेजी के साथ कारोबार हो रहा है। टोक्यो, शंघाई, ताइपे, सोल और जकार्ता हरे निशान में थे। हालांकि, अमेरिकी बाजार बुधवार को लाल निशान में बंद हुए थे। इस दौरान डाओ जोन्स 0.21 प्रतिशत की गिरावट और टेक्नोलॉजी इंडेक्स नैस्डैक 0.08 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुए।
विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 502.63 करोड़ रुपए का निवेश किया। वहीं, इस दौरान घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 6,425.16 करोड़ रुपए का इक्विटी में निवेश किया।
--आईएएनएस
एबीएस
