Aapka Rajasthan

श्रीनगर में ड्रग तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, दो करोड़ की अवैध संपत्तियां जब्त

श्रीनगर, 30 मई (आईएएनएस)। श्रीनगर में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 2 करोड़ रुपये की अवैध संपत्तियां ज़ब्त की हैं। यह कार्रवाई ‘नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान’ के तहत की गई। अभियान का उद्देश्य ड्रग नेटवर्क को आर्थिक रूप से कमजोर करना और समाज से नशे के खतरे को खत्म करना है।
 
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई श्रीनगर के अलग-अलग क्षेत्रों में दर्ज मामलों की जांच के बाद की गई। पहले मामले में बेमिना थाना क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति की लगभग 1.5 करोड़ मूल्य की संपत्ति जब्त की गई। आरोप है कि उसने नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी से कमाई गई राशि से यह संपत्ति बनाई थी। जांच में यह सामने आया कि बेमिना स्थित एक दो मंजिला मकान और उसके आसपास की जमीन अवैध धन से खरीदी गई थी। यह कार्रवाई कानूनी प्रक्रिया के तहत संबंधित सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद की गई।

दूसरे मामले में भी पुलिस ने एक अन्य आरोपी की संपत्ति जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 50 लाख रुपये बताई जा रही है। यह संपत्ति भी कथित रूप से नशीले पदार्थों की तस्करी से अर्जित धन से खरीदी गई थी। यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज एक पुराने मामले की जांच के आधार पर की गई, जिसमें आरोपी के खिलाफ पहले से ही केस दर्ज था।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों मामलों में कार्रवाई पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया के अनुसार की गई है। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि ये संपत्तियां अवैध गतिविधियों से अर्जित धन से खरीदी गई थीं, जिसके बाद उन्हें जब्त करने का निर्णय लिया गया।

इस पूरी कार्रवाई का उद्देश्य नशे के कारोबार से जुड़े नेटवर्क की आर्थिक जड़ों को खत्म करना है, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके। पुलिस ने कहा कि आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी ड्रग तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा।

श्रीनगर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे नशे से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज को इस गंभीर समस्या से सुरक्षित रखा जा सके।

--आईएएनएस

एसएचके/पीएम