एसपीओ हत्याकांड की उच्चस्तरीय जांच हो, देश को सच जानने का अधिकार : गुलाम अहमद मीर
जम्मू, 17 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता गुलाम अहमद मीर ने मंगलवार को इशारों-इशारों में केंद्र सरकार पर हमला बोला। आर्टिकल 370 का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि 5 अगस्त 2019 के बाद से हमने अपनी पूरी कानून-व्यवस्था खो दी।
कुलगाम मुठभेड़ पर कांग्रेस नेता गुलाम अहमद मीर ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि मुठभेड़ तो मुठभेड़ होती है। एक तरफ हमारे बहादुर सैनिक होते हैं और दूसरी तरफ देश-विरोधी तत्व, इसी को मुठभेड़ कहते हैं, लेकिन सवाल यह है कि 5 अगस्त 2019 के बाद से हमने अपनी पूरी कानून-व्यवस्था खो दी, अपना राज्य खो दिया और अपने अधिकार खो दिए। राज्य का बंटवारा कर दिया गया, उसे टुकड़ों में तोड़ दिया गया। देश को गुमराह करने के लिए कहा गया कि यह सब कानून-व्यवस्था को ठीक करने के लिए किया गया है। जबकि पिछले आठ साल से कानून-व्यवस्था उनके हाथों में है और तमाम एजेंसियां भी उनके ही नियंत्रण में हैं, उसके बावजूद हर साल इस तरह की घटनाएं होती हैं जैसे सीआरपीएफ के जवानों पर हमला, एसपीओ की हत्या और पिछले साल पहलगाम की घटना होना। केंद्रीय गृह मंत्रालय को इसका जवाब देना चाहिए।
गुलाम अहमद मीर ने कहा कि किश्तवाड़ के एसपीओ हत्याकांड में कांग्रेस पार्टी उन परिवारों के प्रति संवेदना जताती है जिन्होंने अपने बच्चों को खो दिया है। दूसरी बात, जो उलझे हुए और विरोधाभासी बयान सामने आए हैं, उनकी उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए ताकि देश और दुनिया को पता चल सके कि यह घटना कैसे हुई, क्योंकि हर किसी को यह जानने का अधिकार है। पुलिस विभाग या उच्च अधिकारियों को सामने आना चाहिए, और गृह मंत्री को भी इस पर अपना बयान देना चाहिए।
यूपी में वोटों की हेराफेरी को लेकर मीर ने कहा कि पिछले दो साल में राहुल गांधी पहले व्यक्ति थे, जिन्होंने गहरी रिसर्च के बाद देश के सामने यह बात रखी कि 2024 के चुनावों को लेकर चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ने किस तरह वोटों में हेराफेरी की, जिसे वोटों की चोरी कहा जा सकता है। शुरुआत में कई लोगों ने इसे नहीं माना, लेकिन धीरे-धीरे मुख्य चुनाव आयुक्त के साथ काम करने वाले बाकी दो आयुक्तों ने भी यह मान लिया कि पिछले एक से डेढ़ साल में मुख्य चुनाव आयुक्त ने कोई भी फैसला आम सहमति से नहीं लिया, बल्कि उन्होंने मनमाने ढंग से फैसले किए, जो तय प्रक्रिया के हिसाब से बिल्कुल गलत था। कई राज्यों के विपक्षी दलों के मुख्यमंत्रियों ने यह बात दोहराई। अब यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ भी कह रहे हैं कि एक करोड़ 30 लाख वोट काटे गए।
उन्होंने कहा कि विपक्ष की महारैली के बाद से चुनाव आयोग में खलबली है, इसके सबूत आयोग द्वारा लगातार जारी किए जा रहे सर्कुलर हैं।
--आईएएनएस
डीकेएम/वीसी
