सपा शासन में था जंगलराज, योगी सरकार ने सुधारी कानून-व्यवस्था : जगदंबिका पाल
सिद्धार्थनगर, 16 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में माफिया के खिलाफ जारी कार्रवाई को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हालिया बयान का भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने समर्थन किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब माफिया राज का दौर समाप्त हो चुका है और कानून का शासन मजबूती के साथ स्थापित हुआ है। उन्होंने दावा किया कि योगी सरकार के आने के बाद कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में व्यापक बदलाव देखने को मिला है।
आईएएनएस से बातचीत में जगदंबिका पाल ने कहा कि जब योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली थी, तब उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता प्रदेश की कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करना था। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान प्रदेश में जंगलराज जैसी स्थिति थी और कई जिलों में अपराधी तथा माफिया समानांतर सत्ता चलाने का काम करते थे।
उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में अपराधियों का बोलबाला था। हर जिले में माफिया हावी रहते थे और सुशासन पर उनका प्रभाव दिखाई देता था। थानों तक में उनका दबदबा था और वे अपनी मर्जी से लोगों को छुड़ा ले जाते थे। आम नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करता था।
महिलाओं की सुरक्षा का जिक्र करते हुए भाजपा सांसद ने कहा कि पहले बहन-बेटियां रात में घर से निकलने में असहज महसूस करती थीं, लेकिन योगी सरकार ने इसे गंभीरता से लिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में महिलाओं की सुरक्षा प्रमुख रही और इसी उद्देश्य से विभिन्न स्तरों पर अभियान चलाए गए। स्कूल और कॉलेजों के आसपास अगर कोई छात्राओं के साथ छेड़छाड़ करता था तो उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाती थी। सरकार का स्पष्ट संदेश था कि महिलाओं की सुरक्षा के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
माफिया के खिलाफ सरकार के सख्त रुख का जिक्र करते हुए जगदंबिका पाल ने कहा कि अपराधियों के मन में अब कानून का डर पैदा हुआ है। उनके मुताबिक, जो लोग बेगुनाहों की हत्या या गंभीर अपराधों में शामिल होते हैं, उनके खिलाफ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि माफिया समाज के लिए कोढ़ की तरह हैं। वे कानून को अपने हाथ में लेकर कानून के शासन को चुनौती देते हैं। ऐसे तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान का हवाला देते हुए जगदंबिका पाल ने कहा कि प्रदेश में माफियाओं के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और कानून का राज सर्वोच्च रहेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का स्पष्ट संदेश है कि उत्तर प्रदेश में माफिया नहीं, बल्कि संविधान और कानून के अनुसार शासन चलेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी की यह प्राथमिकता साफ तौर पर दर्शाती है कि उत्तर प्रदेश में कानून का राज्य स्थापित होगा, न कि माफिया का। सरकार अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।
--आईएएनएस
पीएसके/वीसी
