सपा ने अपराधियों को पोषित किया, योगी सरकार ने माफिया राज खत्म किया : दिनेश प्रताप सिंह
लखनऊ, 27 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कल तक जो अखिलेश माफिया पर बिना भेदभाव कार्रवाई की बात कर रहे थे, आज वही आरोपियों के पक्ष में सड़कों पर उतरने की धमकी दे रहे हैं। गोरखपुर की पीडीए रथयात्रा में मासूम की मौत का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अखिलेश ने उस परिवार को ढांढस तक नहीं बंधाया और आज उन्हीं आरोपियों के साथ खड़े हैं।
यूपी भाजपा के मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह ने कहा, "अखिलेश यादव कल ही आप अपने घोषणा पत्र में कह रहे थे कि हम आएंगे तो बिना भेदभाव के माफिया और अपराधियों पर कार्रवाई करेंगे और एक ही दिन में आपके सुर बदल गए। आज आप कह रहे हैं कि अगर उनसे मुकदमा वापस नहीं हुआ तो आप सड़कों पर उतरेंगे।"
उन्होंने कहा कि क्या आप भूल गए कि गोरखपुर में आपकी रथयात्रा के दौरान कैसे एक मासूम की जीवन लीला समाप्त हो गई थी? आपकी रैली में आए उस मासूम की मौत हो गई और आपके मुंह से एक आवाज तक नहीं निकली। आप उस पीड़ित परिवार के पास नहीं जा सके, कोई ढांढस तक नहीं बंधा सके। आज आप उन्हीं आरोपियों के साथ फिर खड़े हो गए हैं। आप कह रहे हैं कि अगर उनसे मुकदमा वापस नहीं हुआ तो आप सड़कों पर उतरेंगे।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि उस परिवार के बारे में भी सोचिए, जिसका वह मासूम बच्चा, जिसने दुनिया भी नहीं देखी थी, मात्र 12 वर्ष की उम्र में अपना जीवन खो बैठा और आप फिर उन्हीं लोगों के साथ खड़े होने का दम भर रहे हैं। अखिलेश यादव, उत्तर प्रदेश की जनता सब जानती है और 2027 में आपका हिसाब-किताब बराबर कर देगी।
दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि जब आप नोएडा की बात करते हैं, तो जनता आप पर हंसती है। आप जब सूबे के मुख्यमंत्री थे, तो आपका नैतिक साहस नहीं था कि नोएडा चले जाएं। आपकी विचारधारा इतनी दकियानूसी थी कि यदि नोएडा चले जाएंगे तो आपकी कुर्सी चली जाएगी। पूरे कार्यकाल में नोएडा न जाने वाले नेता आज यह कह रहे हैं कि हम आएंगे तो नोएडा का विकास करेंगे।
उन्होंने कहा कि आज नोएडा उत्तर प्रदेश का सबसे तेजी से बढ़ता हुआ शहर है। आज बार-बार योगी आदित्यनाथ नोएडा में जाते हैं। वहां तीन यूनिकॉर्न कंपनियां हैं और देश की सबसे बड़ी मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग इकाइयों में से कई स्थापित हैं। आप किस मुगालते में जी रहे हैं?
भाजपा नेता ने कहा कि अब उत्तर प्रदेश का प्रत्येक जिला भारतीय जनता पार्टी और योगी आदित्यनाथ के साथ है। 2027 में भी समाजवादी पार्टी का सूपड़ा साफ होगा और एक बार पुनः प्रचंड बहुमत की सरकार योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बनेगी।
उन्होंने कहा कि आप मुंगेरी लाल के हसीन सपने देखना बंद कर दीजिए। न नौ मन तेल होगा, न राधा नाचेगी। अब आप सत्ता में आने वाले नहीं हैं। उत्तर प्रदेश के लोगों ने समाजवादी पार्टी के लिए सदा-सर्वदा अपने दरवाजे बंद कर लिए हैं। आप कह रहे हैं कि आएंगे तो अपराधियों पर कार्रवाई करेंगे, जबकि आपने अपराधियों को पैदा करने का ही काम नहीं किया, बल्कि उन्हें संरक्षित, पोषित और संवर्धित करने का भी काम किया।
दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि जब वही अपराधी बड़े होकर वटवृक्ष का रूप धारण कर गए, तब उन्होंने सरकार के समानांतर अपनी व्यवस्था चलानी शुरू कर दी। उत्तर प्रदेश की जनता अब उस अपराध युग और माफिया युग में वापस नहीं जाना चाहती। योगी आदित्यनाथ की सरकार ने इस प्रदेश में अपराधियों और माफिया को मिट्टी में मिलाने का काम किया है। आज उत्तर प्रदेश की जनता सुख, समृद्धि और विकास के साथ आगे बढ़ रही है। 2027 में भी उत्तर प्रदेश की जनता-जनार्दन का आशीर्वाद भारतीय जनता पार्टी और योगी आदित्यनाथ को मिलने जा रहा है।
--आईएएनएस
केके/वीसी
