Aapka Rajasthan

सोपोर पुलिस ने मेडिकल दुकानों पर बढ़ाई निगरानी, नशा मुक्त अभियान के तहत औचक जांच

सोपोर, 30 मई (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे 100 दिवसीय अभियान के तहत सोपोर पुलिस ने शनिवार को तारजू क्षेत्र में मेडिकल दुकानों और दवा विक्रेताओं के यहां व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने विभिन्न मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण कर दवाओं की खरीद-बिक्री से संबंधित रिकॉर्ड की जांच की और नियमों के पालन की समीक्षा की।
 
पुलिस अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान निर्धारित श्रेणी की दवाओं, मनोप्रभावी पदार्थों तथा अन्य नियंत्रित दवाओं के स्टॉक और बिक्री रजिस्टरों की गहन जांच की। साथ ही दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, डॉक्टरों के पर्चों के आधार पर की गई दवाओं की बिक्री और अन्य आवश्यक दस्तावेजों का भी सत्यापन किया गया। यह सुनिश्चित किया गया कि दवाओं की बिक्री मादक पदार्थ एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम, 1985 तथा औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार हो रही है या नहीं।

जांच के दौरान पुलिस ने विशेष रूप से कोडीन युक्त सिरप, अल्प्राजोलम और ट्रामाडोल जैसी दवाओं के रिकॉर्ड की जांच की, जिनके दुरुपयोग की संभावना अधिक रहती है। अधिकारियों ने यह देखा कि इन दवाओं की बिक्री उचित चिकित्सकीय पर्चे और आवश्यक दस्तावेजों के आधार पर की जा रही है या नहीं।

पुलिस ने मेडिकल स्टोर संचालकों को मादक पदार्थों से संबंधित कानूनों की जानकारी भी दी और उन्हें निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्हें चेतावनी दी गई कि यदि किसी भी दुकान में नियमों का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस अभियान के दौरान लोगों को भी नशीली दवाओं के दुरुपयोग के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया गया। पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि यदि उन्हें दवाओं की अवैध बिक्री या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।

सोपोर पुलिस ने कहा कि नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत आने वाले दिनों में भी उप-मंडल के विभिन्न क्षेत्रों में इसी प्रकार की जांच और जागरूकता गतिविधियां जारी रहेंगी। पुलिस का कहना है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और समाज को सुरक्षित बनाने के लिए यह अभियान लगातार चलाया जाएगा।

--आईएएनएस

एसएचके/एबीएम