'संसद चलो' मार्च में हिस्सा लेने के लिए सोनम वांगचुक ने लिखा अस्पताल प्रशासन को लेटर, डॉक्टरों ने बताई अब कैसी है उनकी हालत
नई दिल्ली, 20 जुलाई (आईएएनएस)। सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने ‘संसद चलो’ मार्च में हिस्सा लेने के लिए अस्पताल प्रशासन से छुट्टी देने की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में सफदरजंग अस्पताल प्रशासन को पत्र भी लिखा है। इसके अलावा, डॉक्टरों ने भी उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि अब उनका स्वास्थ्य ठीक है। हालांकि, उन्हें सतत स्वास्थ्य निगरानी की आवश्यकता है।
सोनम वांगचुक ने इस पत्र में कहा कि मैं अब अच्छा महसूस कर रहा हूं। मेरी सेहत का पैरामीटर भी बिल्कुल सामान्य है, इसलिए मैं सभी लोगों से अनुरोध करता हुआ हूं कि मुझे अस्पताल से छुट्टी दी जाए। भले ही कुछ समय के लिए दी जाए। लेकिन, दी जाए, ताकि मैं संसद चलो मार्च में हिस्सा ले सकूं। मैं आपका आभारी रहूंगा।
वहीं, डॉक्टरों ने भी सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य के बारे में पत्रकारों से बातचीत में जानकारी दी। सफदरजंग अस्पताल में मेडिसिन विभाग की हेड डॉ. प्रो. मनीषा बैस ठाकुर के मुताबिक, सोनम वांगचुक पिछले दो दिनों से हमारे अंडर हैं। हम उनकी सतत निगरानी कर रहे हैं। आज सुबह हुई जांच में उनकी हालत पूरी तरह से स्थिर पाई गई है। इसके अलावा, उनके जो भी ब्लड टेस्ट हमने कराए हैं, वो भी पूरी तरह से सामान्य हैं। हमारी तरफ से उनका स्वास्थ्य ठीक हैं। लेकिन, ठीक होने के बावजूद भी उन्हें स्वास्थ्य समस्या होने की आशंका बनी हुई है, क्योंकि वो पिछले लंबे समय से भूख हड़ताल पर थे। ऐसी स्थिति में उनकी सतत निगरानी जरूरी हो जाती है।
उन्होंने कहा कि हमने इस संबंध में बाकायदा एक टीम का भी गठन किया है। इस टीम में एम्स के डॉक्टर भी शामिल हैं, जो उनका उपचार कर रहे हैं। हम सभी इसी नतीजे र पर पहुंचे हैं कि उन्हें सतत स्वास्थ्य निगरानी की आवश्यकता है।
इसके अलावा, एम्स में इमरजेंसी मेडिसिन विभाग के एडिशनल प्रोफेसर डॉ. अक्षय कुमार ने भी सोमन वांगचुक के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हम लोग पिछले दो दिनों से उनकी स्वास्थ्य निगरानी कर रहे हैं। अभी उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है। उनके पैरामीटर नॉर्मल रेंज पर हैं। हम लोग लगातार निगरानी कर रहे हैं। वो लंबे समय से उपवास पर थे। ऐसी स्थिति में स्वास्थ्य समस्या होने की आशंका बनी रहती है। उनके ब्लड पैरामीटर, हिमोग्लोबिन को चेक किया जाता है। हम लगातार उनकी निगरानी करते रहेंगे। यही हमारी योजना है।
बता दें कि सोनम वांगचुक पिछले तीन हफ्तों से भूख हड़ताल पर थे। इसके बाद 18 जुलाई को दिल्ली पुलिस उन्हें सफदरजंग अस्पताल में उपचार के लिए ले गई। उनके स्वास्थ्य को लेकर कई समर्थकों ने चिंता जताई और उनके जल्द से जल्द से स्वस्थ्य होने की कामना की।
वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी संसद चलो मार्च में हिस्सा लेने के लिए संसद भवन की ओर रवाना हो चुकी है। दिल्ली पुलिस ने इस मार्च को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
--आईएएनएस
एसएचके/पीएम
