सोनम वांगचुक का अनशन खत्म होना अच्छा संकेत, जेडीयू विधायक श्याम रजक ने सरकार की पहल को सराहा
पटना, 24 जुलाई (आईएएनएस)। जेडीयू विधायक श्याम रजक ने एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक के भूख हड़ताल खत्म करने के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सरकार की पहल के बाद वांगचुक ने अपना अनशन समाप्त किया है और इसे सकारात्मक रूप में देखा जाना चाहिए। रजक ने कहा कि सरकार ने इस दिशा में कदम उठाए हैं और नीट मामले में अलग से कार्रवाई के लिए कानून बनाने की तैयारी की जा रही है।
श्याम रजक ने कहा कि पेपर लीक जैसे मामलों को रोकने के लिए फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाए जाने का फैसला देश के छात्रों और आम लोगों के लिए राहत की खबर है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर देश में तनाव का माहौल बना हुआ था, लेकिन अब सरकार की पहल से स्थिति बेहतर होने की उम्मीद है।
जेडीयू विधायक ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग इस मुद्दे को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन अब उनकी राजनीति खत्म हो जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों और आम जनता के हितों को ध्यान में रखते हुए फैसले ले रही है और इसके लिए सरकार को धन्यवाद दिया जाना चाहिए।
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की विपक्ष की मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए श्याम रजक ने कांग्रेस पर भी हमला बोलते कहा कि विपक्ष हर मुद्दे को अपने नजरिए से देखता है। उन्होंने कहा, "1975 में जब इलाहाबाद हाईकोर्ट का फैसला आया था और जस्टिस जगमोहन ने निर्णय दिया था, तब तत्कालीन सरकार और देश की प्रधानमंत्री ने कानून में बदलाव के लिए नया अध्यादेश लाने का काम किया था। इमरजेंसी लगाने का काम भी किया गया था। ये लोग हर चीज को अपने चश्मे से देखते हैं। लेकिन हमारी सरकार ने लोकतंत्र में विश्वास रखते हुए पहल की है और जो भी कमियां सामने आईं, उन पर कार्रवाई करने का फैसला लिया है। यही लोकतंत्र की खूबसूरती है।"
उन्होंने कहा, "वे लोग, जो लोकतंत्र का इस्तेमाल केवल अपने फायदे के लिए करते हैं। ऐसे लोगों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के फैसले ने करारा जवाब दिया है।"
वहीं, सीजेपी के देशव्यापी विरोध प्रदर्शन के आह्वान पर उन्होंने कहा कि बिहार सरकार और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर गंभीर हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि केंद्र सरकार की पहल के बाद आगे भी सकारात्मक और जनहित से जुड़े फैसले लिए जाएंगे।
--आईएएनएस
पीआईएम/पीएम
