एसजेवीएन भर्ती अलर्ट: इंजीनियर सहित 21 पदों पर वैकेंसी का नोटिफिकेशन जारी, 5 अगस्त से शुरू होंगे आवेदन
चंडीगढ़, 31 जुलाई (आईएएनएस)। नौकरी की तलाश में जुटे लोगों के लिए सतलुज जल विद्युत निगम (एसजेवीएन) ने ऐसे प्रोफेशनल्स से आवेदन एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके विभिन्न 21 पदों के लिए आमंत्रित किए हैं, जिन्हें थर्मल पावर प्लांट के इरेक्शन/कमीशनिंग और संचालन और रखरखाव (ओ एंड एम) का अनुभव हो।
एसजेवीएन की ओर से जारी 21 रिक्तियों में चीफ जनरल मैनेजर/ई8 (ए) - इलेक्ट्रिकल/मैकेनिकल का 1, डिप्टी मैनेजर/ई4 (मैकेनिकल) के 3, इंजीनियर/ई2 (मैकेनिकल) के 6, डिप्टी मैनेजर/ई4 (इलेक्ट्रिकल) के 3, इंजीनियर/ई2 (इलेक्ट्रिकल) के 3, डिप्टी मैनेजर/ई4 (सी एंड आई - वाणिज्यिक और औद्योगिक) के 1, इंजीनियर/ई2 (सी एंड आई - वाणिज्यिक और औद्योगिक) के 2, डिप्टी मैनेजर/ई4 (केमिकल) के 1 और इंजीनियर/ई2 (केमिकल) के 1 पद शामिल हैं।
इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 5 अगस्त के सुबह 10 बजे से शुरू हो जाएगी और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 26 अगस्त तय की गई है। ऐसे में इन पदों पर नियुक्त होने की इच्छा रखने वाले अभ्यर्थी एसजेवीएन की आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन लिंक सक्रिय होने के बाद से तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपने रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
सफलतापूर्वक ऑनलाइन आवेदन करने के बाद कैंडिडेट्स को एसजेवीएन कार्यालय 'डीजीएम (एचआर/भर्ती) का कार्यालय, एसजेवीएन लिमिटेड, शक्ति सदन, कॉर्पोरेट मुख्यालय, शानन शिमला, एचपी-171006' में भुगतान रसीद और प्रमाणपत्रों के साथ आवेदन का प्रिंट-आउट जमा करना होगा, जिसकी अंतिम तिथि 15 सितंबर तय की गई है।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पोस्ट और विषय के अनुसार ग्रेजुएशन/मास्टर डिग्री होनी चाहिए। इसके अलावा कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में पोस्ट के अनुसार निर्धारित 3 से 27 वर्षों का अनुभव होना भी अनिवार्य है।
आवेदकों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु पद के अनुसार 32 से 55 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन के अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच, दस्तावेज सत्यापन और शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों का व्यक्तिगत साक्षात्कार एवं मेडिकल फिटनेस के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पोस्ट के अनुसार 50,000 से 2,80,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो जनरल/ओबीसी के लिए 500 रुपए के साथ 18 प्रतिशत जीएसटी तय किया गया है। वहीं, एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी/ईएसएम/ईडब्ल्यूएस उम्मीदवारों को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी
