सितांशु कोटक ने किया प्रसिद्ध कृष्णा का बचाव, कहा- एक दिन के प्रदर्शन पर कोई धारणा नहीं बना सकते
वेलिंगटन, 19 नवंबर (आईएएनएस)। भारत के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक का मानना है कि टीम के अन्य तेज गेंदबाजों के पास जसप्रीत बुमराह से काफी कुछ सीखने का मौका है। बुमराह परिस्थितियों के हिसाब से अपनी लाइन और लेंथ बदलने में माहिर हैं। कोटक ने माना कि पहले टेस्ट के पहले दिन, जब न्यूजीलैंड के बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स ने ऑफ साइड की ओर से कई रन बनाए, तब भारतीय गेंदबाज उन्हें स्टंप्स की लाइन पर और अधिक गेंदबाजी कर सकते थे।
बुमराह भारत के सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 52 रन देकर 3 विकेट लिए। हालांकि, न्यूजीलैंड की टीम 70/5 की खराब स्थिति से उबरकर दिन का खेल खत्म होने तक 243/5 के स्कोर तक पहुंच गई। इसमें हेनरी निकोल्स और फिलिप्स के बीच 173 रनों की नाबाद साझेदारी का बड़ा योगदान रहा। फिलिप्स 94 रन बनाकर नाबाद रहे, जिसमें उन्होंने प्वाइंट और कवर-प्वाइंट के क्षेत्रों में कई बेहतरीन शॉट खेले। इससे यह सवाल उठने लगा है कि क्या भारत के बाकी तेज गेंदबाज अपनी रणनीति में जल्दी बदलाव कर सकते थे।
कोटक ने माना कि बुमराह जिस तरह से गेंदबाजी करते हैं और परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालते हैं, उससे बाकी गेंदबाजों को सीखने का मौका मिलता है। उन्होंने यह भी कहा कि टीम के अन्य गेंदबाज अभी अनुभव हासिल कर रहे हैं। पहले दिन के खेल के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कोटक ने मीडिया से कहा, "बुमराह के पास खास कौशल है - न केवल उनकी लाइन और लेंथ, बल्कि गेंद को मूव कराने की उनकी क्षमता और जिस तरह से उनकी गेंद हरकत करती है, वह कमाल की है। मुझे लगा कि फिलिप्स के खिलाफ हम स्टंप्स पर थोड़ी और गेंदबाजी कर सकते थे, क्योंकि उन्होंने ऑफ साइड, प्वाइंट, कवर-प्वाइंट और थर्ड-मैन वाले इलाकों में काफी रन बनाए।"
उन्होंने आगे कहा कि बुमराह जैसे सीनियर गेंदबाज का टीम में होना युवा गेंदबाजों के लिए एक बड़ा फायदा है, जो उनके तरीकों को देखकर उनसे सीख सकते हैं। भारतीय कोच ने कहा, "हालांकि, बाकी गेंदबाज भी इतने अनुभवी नहीं हैं। इसलिए वे भी सीख रहे हैं। मगर आप बिल्कुल सही कह रहे हैं कि बुमराह जिस तरह से गेंदबाजी करते हैं, जिस तरह से वह परिस्थितियों के हिसाब से खुद को ढालते हैं और उनके पास जो कौशल है, उससे बाकी गेंदबाज बहुत कुछ सीख सकते हैं। जब आपके पास ऐसा कोई सीनियर गेंदबाज होता है, तो बाकी गेंदबाजों के लिए सीखने के बहुत मौके होते हैं। इसमें कोई शक नहीं है।"
बुमराह का प्रभाव उनके द्वारा उठाए गए वर्कलोड (काम के बोझ) में भी साफ दिखा, क्योंकि उन्होंने पहले दिन कुल 17 ओवर फेंके। हालांकि, कोटक ने इस बात को खारिज कर दिया कि भारत इस सीनियर तेज गेंदबाज पर बहुत अधिक निर्भर था। उन्होंने बताया कि चारों तेज गेंदबाजों के बीच काम का बोझ लगभग बराबर बंटा हुआ था।
कोटक ने कहा, "देखिए, बुमराह ऐसे गेंदबाज हैं कि वह जिस भी टीम में होंगे, वो टीम उन पर निर्भर रहेगी ही। उनका कौशल ही ऐसा है। दूसरी बात, अगर आपने ध्यान दिया हो, तो ओवरों का बंटवारा कुछ इस तरह था: 17-15-15-15। ऐसा नहीं था कि बुमराह ने 30 ओवर फेंक दिए हों और बाकी सबने सिर्फ 10-10 ओवर फेंके हों।”
कोटक ने यह भी बताया कि बुमराह को हर स्पेल के बीच रिकवरी के लिए पर्याप्त समय दिया गया था। मुश्किल परिस्थितियों में खेलने वाले तेज गेंदबाजों के लिए यह बहुत जरूरी होता है। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि उनके पास अद्भुत कौशल है। टीम जब भी सही समय समझती है, तब उनका इस्तेमाल करती है। मगर मुझे नहीं लगता कि बुमराह ने लगातार (बिना रुके) गेंदबाजी की, क्योंकि उन्हें भी रिकवरी के लिए समय चाहिए होता है। तेज गेंदबाजों को 5 ओवर का स्पेल फेंकने के बाद रिकवरी के लिए समय की जरूरत होती है। इसी वजह से मुझे लगता है कि जब भी वह वापस आए, तो उनके पास रिकवरी के लिए काफी समय था, और फिर उन्होंने गेंदबाजी की।”
इस बीच, प्रसिद्ध कृष्णा के लिए यह दिन काफी महंगा साबित हुआ। उन्होंने 16 ओवर में 58 रन दिए और कोई विकेट नहीं ले सके। जब उनसे बुमराह के शानदार कंट्रोल और प्रसिद्ध के खराब प्रदर्शन के बीच के अंतर के बारे में पूछा गया, तो कोटक ने प्रसिद्ध के आक्रामक रवैये का बचाव किया और कहा कि सिर्फ एक प्रदर्शन के आधार पर उन्हें नहीं आंकना चाहिए।
कोटक ने कहा, "प्रसिद्ध एक आक्रामक गेंदबाज हैं, इसलिए हमें पता है कि वह दूसरों के मुकाबले थोड़े ज्यादा रन दे सकते हैं। मगर यह एक ऐसी रणनीति है जिसे हम चुनते हैं। श्रीलंका में जब वह अच्छा स्पेल डालते हैं और कम समय में 2-3 विकेट ले लेते हैं, तो लोगों को यह पसंद आता है। हालांकि, जब वह थोड़े ज्यादा रन दे देते हैं, तो लोगों को यह अच्छा नहीं लगता।”
कोटक ने कहा कि किसी गेंदबाज के प्रदर्शन को एक खराब दिन के नजरिए से देखने के बजाय, लंबे समय के प्रदर्शन के आधार पर आंका जाना चाहिए। उन्होंने कहा, "आप सिर्फ एक दिन के प्रदर्शन के आधार पर किसी गेंदबाज के बारे में ऐसी टिप्पणी नहीं कर सकते। आज जो अच्छा नहीं लगा उसकी आलोचना कर सकते हैं और कल जो अच्छा लगे उसकी तारीफ कर सकते हैं। मुझे नहीं लगता कि चीजों को इस तरह से देखना सही है।”
भारत ने 42वें ओवर में वॉशिंगटन सुंदर को भी गेंदबाजी के लिए उतारा। इस ऑफ-स्पिनर ने 16 ओवर में 38 रन दिए और कोई विकेट नहीं लिया। कोटक ने बताया कि यह फैसला इसलिए लिया गया ताकि चार तेज गेंदबाजों के वर्कलोड को मैनेज किया जा सके और एक छोर से रन रोकने (कंट्रोल बनाए रखने) में मदद मिले, खासकर तब जब न्यूजीलैंड के बल्लेबाज अपनी पारी को फिर से संवारने की कोशिश कर रहे थे।
भारतीय बल्लेबाजी कोच ने कहा, "ये दोनों बातें थीं। ओवर रेट को देखते हुए अगर किसी टीम में 4 तेज गेंदबाज हैं, तो उन्हें कुछ स्पिनरों को भी लाना ही पड़ता है। वॉशिंगटन ने अच्छी गेंदबाजी की। उन्होंने वह जरूरी कंट्रोल दिया।” उन्होंने बताया कि पहले दिन तेज गेंदबाजों ने काफी ज्यादा गेंदबाजी की, इसलिए एक ऐसे स्पिनर की जरूरत थी जो रन रोकने का काम कर सके, ताकि दूसरे छोर से तेज गेंदबाज विकेट लेने की कोशिश जारी रख सकें।
“पहले दिन तेज गेंदबाजों ने 15-17 ओवर से भी ज्यादा गेंदबाजी की। खासकर तब, जब स्पिनरों को ज्यादा मदद नहीं मिल रही थी, तो आपको एक छोर ऐसा रखना होता है, जहां से रन न बनें, और दूसरे छोर से तेज गेंदबाज हमला कर सकें। इसलिए मुझे लगता है कि यह रणनीति काफी अच्छी रही।”
--आईएएनएस
एसएम/एबीएम
