सिर्फ 2.5 ओवरों में 'अर्धशतक', टी20 क्रिकेट में भारत ने बनाया 'तूफानी रिकॉर्ड'
बेंगलुरु, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए टी20 सीरीज के पांचवें मुकाबले में तूफानी बल्लेबाजी के साथ इतिहास रच दिया। टीम इंडिया ने सिर्फ 2.5 ओवरों में 'अर्धशतक' पूरा किया, जो टी20 इतिहास में उसका सबसे तेज 'पचासा' रहा।
भारतीय क्रिकेट टीम ने टी20 क्रिकेट में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से कई बार विपक्षी गेंदबाजों को दबाव में डाला है। टीम इंडिया ने बेहद कम ओवरों में 50 रन पूरे करके तेज बल्लेबाजी की अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया है। इस सूची में वेस्टइंडीज के खिलाफ बेंगलुरु में 2026 में बनाया गया रिकॉर्ड सबसे ऊपर है।
इसी सीरीज के दौरान हैदराबाद में वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत ने तीन ओवरों में 50 रन का आंकड़ा छू लिया था। इस सूची में तीसरे स्थान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ गुवाहाटी में बनाया गया रिकॉर्ड है, जहां भारत ने 3.1 ओवरों में 50 रन पूरे किए। वहीं, एशियन गेम्स 2026 के दौरान जापान के निस्शिन में पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय टीम ने 3.2 ओवर में यह उपलब्धि हासिल की थी। अफगानिस्तान के खिलाफ दिल्ली में भी भारतीय बल्लेबाजों ने तेज शुरुआत करते हुए 3.3 ओवर में 50 रन पूरे कर लिए थे।
बेंगलुरु में बारिश के चलते टॉस में काफी देरी हुई, जिसके बाद मुकाबले को 9-9 ओवरों का रखा गया। भारत ने 7.4 ओवरों की समाप्ति तक 5 विकेट खोकर 118 रन बना लिए थे, लेकिन फिर से बारिश हुई और मैच को रद्द करने का निर्णय लिया गया।
इस पारी में ईशान किशन ने 10 गेंदों में 5 बाउंड्री के साथ 30 रन बनाए, जबकि कप्तान श्रेयस अय्यर ने 14 गेंदों में 22 रन जड़े। नमन धीर 6 गेंदों में 24 रन बनाकर नाबाद रहे। इनके अलावा, संजू सैमसन ने 16 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। वेस्टइंडीज की तरफ से कीमो पॉल और शमार स्प्रिंगर को 2-2 विकेट हाथ लगे, जबकि शमार जोसेफ ने 1 विकेट अपने नाम किया।
--आईएएनएस
आरएसजी
